Meerut News: एक छत के नीचे मिलेंगी सरकारी योजनाओं की जानकारी
Meerut News: नगर पालिका परिषद मवाना ने डा. भीमराव आंबेडकर सामुदायिक केंद्र में सात दिवसीय सेवा सेतु अभियान की शुरुआत की। इस कार्यक्रम में नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाया गया। शिविर का उद्घाटन भाजपा के जिला महामंत्री समीर चौहान और अन्य नेताओं ने किया।

Meerut News: नगर पालिका परिषद मवाना की ओर से तहसील रोड स्थित डा. भीमराव आंबेडकर सामुदायिक केंद्र में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के अंतर्गत सेवा संकल्प अभियान के क्रम में गुरुवार को सात दिवसीय सेवा सेतु अभियान का शुभारंभ किया गया। शिविर में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी नागरिकों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के साथ पात्र लोगों के मौके पर आवेदन कराने और पात्रता का सत्यापन करने की व्यवस्था की गई है। शिविर का शुभारंभ भाजपा के जिला महामंत्री समीर चौहान, पालिका अध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक और भाजपा नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए।
इनमें जिला पूर्ति विभाग, समाज कल्याण विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित स्टॉल शामिल रहे। पालिकाध्यक्ष अखिल कुमार कौशिक, उपजिलाधिकारी संतोष कुमार, अधिशासी अधिकारी, अवर अभियंता (जल) अमित श्रीवास्तव, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक राकेश कुमार, पालिका कर्मचारी व नागरिक मौजूद रहे।

