ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल नोएडा में, मंडल की होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल नोएडा में, मंडल की होगी समीक्षा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर नोएडा आ रहे हैं। नोएडा में मुख्यमंत्री मेरठ मंडल में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की...

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल नोएडा में, मंडल की होगी समीक्षा
हिन्दुस्तान टीम,मेरठFri, 07 Aug 2020 03:22 AM
ऐप पर पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को एक दिवसीय दौरे पर नोएडा आ रहे हैं। नोएडा में मुख्यमंत्री मेरठ मंडल में कोरोना संक्रमण की स्थिति की समीक्षा करेंगे। साथ में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा भी कर सकते हैं। हालांकि विशेष समीक्षा स्वास्थ्य विभाग की होगी। मुख्यमंत्री के मंडलीय समीक्षा को लेकर कमिश्नर अनीता सी मेश्राम ने मंडल के सभी जिलों को अलर्ट कर दिया है। संभावना है कि मुख्यमंत्री समीक्षा के बाद किसी जिले का औचक निरीक्षण भी कर सकते हैं। उधर, मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक को लेकर डीएम ने स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के साथ बैठक की।

नोएडा में शनिवार को मुख्यमंत्री की मंडलीय समीक्षा की सूचना आने के बाद मंडल से लेकर जिलों में हड़कंप मच गया। शासन से यह सूचना आने के बाद कमिश्नर के स्तर से सभी जिलों को शुक्रवार तक सारी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री मेरठ मंडल में कोरोना की स्थिति की करीब डेढ़ घंटे तक समीक्षा करेंगे। नोएडा में मेरठ मंडल की समीक्षा के बाद मुख्यमंत्री के सहारनपुर जाने का कार्यक्रम है। हालांकि संभावना है कि नोएडा से सहारनपुर जाने के दौरान मुख्यमंत्री किसी जिले का औचक निरीक्षण करें। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम जारी होने के बाद कमिश्नर, डीएम के स्तर पर लगातार बैठकों का दौर देर रात तक जारी रहा। डीएम ने मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा.एसके गर्ग, सीएमओ डा.राजकुमार और नगर निकायों के अधिकारियों के साथ बैठक की। कोरोना संक्रमण की स्थिति को लेकर शुक्रवार तक सारी रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया है।

अयोध्या में भूमि पूजन के बाद पश्चिम का दौरा है महत्वपूर्ण

मुख्यमंत्री का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अयोध्या में भूमि पूजन के बाद पश्चिम उत्तर प्रदेश का यह दौरा महत्वपूर्ण रहेगा। मुख्यमंत्री शुक्रवार को बरेली में समीक्षा करेंगे। बरेली में समीक्षा के बाद हिंडन एयरपोर्ट गाजियाबाद से नोएडा पहुंच जाएंगे। मुख्यमंत्री शुक्रवार को नोएडा में ही रात्रि विश्राम करेंगे। उसके बाद शनिवार को मुख्यमंत्री नोएडा में कोविड अस्पताल का शुभारंभ करेंगे। फिर मेरठ मंडल में कोरोना संक्रमण की करीब डेढ़ घंटे समीक्षा होगी। समीक्षा के बाद उनका सहारनपुर जाने का कार्यक्रम है। सहारनपुर में मंडलीय समीक्षा के बाद सरसावा एयरपोर्ट से लखनऊ वापस लौट जाएंगे। पश्चिम यूपी के इस अचानक दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें