आजाद हिंद फौज के नायक जनरल शाहनवाज खान को किया नमन
Meerut News - स्वर्गीय जनरल शाहनवाज़ खान की 112वीं जयंती वेस्टर्न यूपी चैंबर भवन बॉबे बाजार में मनाई गई। कार्यक्रम में उनके पुत्र आदिल शाहनवाज़ और कई प्रमुख नेताओं ने भाग लिया। जनरल शाहनवाज़ को ब्रिटिश झंडा उतारकर तिरंगा फहराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए याद किया जाता है। 1983 में उनके निधन पर इंदिरा गांधी ने इसे अपूरणीय क्षति बताया।

आजाद हिंद फौज के जनरल, पूर्व केंद्रीय मंत्री, मेरठ से चार बार सांसद रहे स्वर्गीय जनरल शाहनवाज़ खान की 112वीं जयंती शनिवार को वेस्टर्न यूपी चैंबर भवन बॉबे बाजार में मनाई गई। कार्यक्रम में जनरल शाहनवाज़ खान के पुत्र आदिल शाहनवाज़, विधायक गुलाम मोहम्मद, विधायक रफीक अंसारी, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, पूर्व मंत्री राजपाल सिंह, कार्यक्रम संयोजक एवं राष्ट्रीय महासचिव समाजवादी छात्र सभा बाबर चौहान खरदौनी रहे। पूर्व मंत्री चौधरी राजपाल सिंह ने कहा जनरल शाहनवाज को उस नायक के रूप में याद किया जाता है, जिन्होंने लाल किले से ब्रिटिश यूनियन जैक को उतारकर पहली बार तिरंगा फहराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
बाबर चौहान ने कहा ब्रिटिश हुकूमत ने नवंबर 1945 में शाहनवाज खान, कर्नल प्रेम सहगल और कर्नल गुरुबख्श सिंह ढिल्लो पर राजद्रोह का मुकदमा चलाया। यह ट्रायल दिल्ली के लालकिले में हुआ, जिस कारण देशभर में भारी जनाक्रोश पैदा हुआ। पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा ने कहा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सबसे करीबी अधिकारियों में जनरल शाहनवाज थे। उन्होंने इंफाल व कोहिमा के मोर्चों पर आईएनए की सेना का नेतृत्व किया। शहर विधायक रफीक अंसारी ने कहा आजादी से पहले लाल किले पर प्रतीकात्मक रूप से ब्रिटिश झंडा उतारकर तिरंगा फहराने का श्रेय उन्हें दिया जाता है। सिवालखास से विधायक गुलाम मोहम्मद ने कहा कि आजादी के बाद जनरल शाहनवाज राजनीति में सक्रिय हुए और 1952 में मेरठ से सांसद चुने गए। उन्होंने केंद्र सरकार में कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों का कार्यभार संभाला। आदिल शाहनवाज ने कहा 1983 में उनके निधन पर तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने इसे देश की अपूरणीय क्षति बताया था। उनकी इच्छा के अनुसार उन्हें लाल किले के पास जामा मस्जिद के निकट राजकीय सम्मान के साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया था। कार्यक्रम में सलीम महराज, शोएब ग़यास, शारिफ़ खान, सलीम अहमद, राजकुमार प्रधान, जयराज चपराना, जावेद खान, माजिद चौहान, कादिर चौहान, रहीस क़ासमी, शफीक़ मलिक, अब्दुल हक़ ,अनस चौहान आसिफ, रविन्द्र प्रेमी, क़रीम चौहान रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




