मवाना खुर्द पुलिस चौकी के पास कार में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप
Meerut News - मवाना थाना क्षेत्र की मवाना खुर्द पुलिस चौकी के निकट एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की। हालांकि, फायर सर्विस की गाड़ी देर से पहुंची। यह घटना पिछले वर्ष भी हुई थी, जिससे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मवाना थाना क्षेत्र की मवाना खुर्द पुलिस चौकी के निकट मुकदमों में दर्ज खड़े वाहनों के बीच गुरुवार दोपहर एक कार में संदिग्ध परिस्थितियों में भीषण आग लग गई। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया। मवाना खुर्द पुलिस चौकी के निकट सड़क दुर्घटनाओं और विभिन्न मुकदमों में बरामद किए गए वाहन खड़े हैं। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक एक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठती देख चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाल्टियों में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भैंसा टोल स्थित फायर सर्विस और अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को भी सूचना दी, लेकिन सूचना के बावजूद नजदीकी टोल से कोई भी दमकल की गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच सकी। वहीं, मटोरा मार्ग स्थित फायर ब्रिगेड कार्यालय से दमकलकर्मी तब पहुंचे जब तक आग काफी हद तक बुझ चुकी थी। अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जली हुई कार और आसपास के क्षेत्र में फैली आग को पूरी तरह बुझाया।बताया गया कि गत वर्ष भी मवाना खुर्द पुलिस चौकी परिसर में खड़े दर्जनों वाहनों में आग लगने की घटना हो चुकी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


