
गढ़ रोड के व्यापारियों ने किया पुलिया तोड़ने के विरोध में प्रदर्शन, फिलहाल काम रुका
Meerut News - संयुक्त गढ़ रोड व्यापार समिति के सदस्यों ने होटल हारमनी इन के पास पुलिया तोड़े जाने के विरोध में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। व्यापारियों का कहना है कि पुलिया को एक साथ तोड़ने से यातायात ठप हो...
संयुक्त गढ़ रोड व्यापार समिति पदाधिकारी एवं सदस्य, अध्यक्ष विपुल सिंघल और महामंत्री मदनलाल के नेतृत्व में गढ़ रोड पर होटल हारमनी इन के पास पुलिया तोड़े जाने के विरोध में नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। नगर निगम के चीफ इंजीनियर पीके सिंह के निरीक्षण के बाद निर्णय लिया कि रुड़की से इंजीनियर बुलाकर तकनीकी अध्ययन के बाद तय किया जाएगा किस प्रकार पुलिया का निर्माण किया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और कार्य भी सुचारु रूप से हो सके। व्यापारियों के विरोध के चलते फिलहाल पुलिया तोड़ने का काम रुक गया है। व्यापारियों ने बताया कि नगर निगम द्वारा सीएम ग्रिड योजना के तहत इस पुलिया को तोड़कर सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है।

वर्तमान में पुलिया की चौड़ाई मात्र 14 मीटर है, जिसे 30 मीटर से अधिक चौड़ा किए जाने की योजना है। विपुल सिंघल ने कहा कि हम सड़क चौड़ीकरण के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इस पुलिया को एक बार में तोड़ने से पूरा यातायात ठप हो जाएगा। पहले पुलिया के दोनों ओर 8-8 मीटर सड़क बनाकर वैकल्पिक मार्ग तैयार किया जाए, ताकि यातायात बाधित न हो और व्यापारी वर्ग की आजीविका बची रहे। पूर्व में भी मंगल पांडे नगर के सामने बनी पुलिया के निर्माण में चार माह से अधिक समय लगा था। निगम द्वारा दावा किया गया है कि नई पुलिया एक महीने में तैयार कर दी जाएगी, परंतु अभी तक के अनुभवों से व्यापारियों को इस दावे पर भरोसा नहीं है। व्यापारियों ने चिंता जताई कि यदि पुलिया एक साथ तोड़ दी गई तो पूरा बाज़ार ठप हो जाएगा, जिससे सैकड़ों व्यापारियों की रोजी-रोटी पर संकट आ जाएगा। गढ़ रोड सीएम ग्रिड योजना के तहत व्यापारियों को आश्वासन दिया गया था कि यह मार्ग दीपावली तक बनकर तैयार हो जाएगा, किंतु निर्माण की धीमी गति देखकर प्रतीत होता है कि अगली दीपावली तक भी काम अधूरा रह सकता है। इस दौरान विपुल सिंघल, मदनलाल अग्रवाल, नवीन अरोड़ा, मनोज गुप्ता, प्रमोद चंद केला, विकास मित्तल, विवेक शर्मा, धर्मपाल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


