दो पुलिस चौकियों के सामने से बह गया शव, पुलिस बनी रही अंजान
शनिवार को गंगनहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता दिखाई दिया। अटेरना पुल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन शव को बाहर नहीं निकाला गया। शव फिर दौराला और नानू पुलिस चौकी के सामने से गुजर गया। लोग नाराज़ हैं कि पुलिस ने समय पर कार्रवाई नहीं की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

शनिवार को गंगनहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बहता हुआ दिखाई दिया। अटेरना पुल पर मौजूद लोगों ने शव को देख उसका वीडियो बनाया और पुलिस को सूचना भी दी, लेकिन इसके बावजूद शव को नहर से बाहर नहीं निकाला जा सका। हैरानी की बात यह रही कि शव आगे बढ़ते हुए दौराला और नानू पुलिस चौकी के सामने से भी गुजर गया, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अटेरना पुल पर सबसे पहले लोगों की नजर पानी में बह रहे शव पर पड़ी। सूचना के बाद लोगों को उम्मीद थी कि पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
इस बीच शव पानी के बहाव के साथ आगे बढ़ता गया और कई किलोमीटर दूर तक पहुंच गया। लोगों का कहना है कि शव दौराला और नानू पुलिस चौकी क्षेत्र के सामने से भी गुजरा, लेकिन कहीं भी उसे बाहर निकालने का प्रयास नहीं किया गया। इस दौरान कुछ लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया, जो तेजी से वायरल हो गया।वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि समय रहते सक्रियता दिखाई जाती तो शव को बाहर निकालकर उसकी शिनाख्त कराई जा सकती थी। इससे मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाने और मौत के कारणों की जांच में भी मदद मिलती। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि शव किस क्षेत्र से बहकर आया था। सूचना के बावजूद शव का नहर से बाहर नहीं निकाला जाना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जब इस बारे में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने जानकारी से इनकार कर दिया।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


