रिश्ते शर्मसार: नेत्रहीन अरविंद को चौराहे पर छोड़कर भागा भाई
Meerut News - नौंचदी थाना क्षेत्र में एक भाई ने अपने नेत्रहीन बड़े भाई को इलाज के बहाने घर से बाहर निकालकर चौराहे पर छोड़ दिया। अरविंद कुमार गुप्ता, जो पूरी तरह असहाय थे, ने घंटों तक सड़क पर भटकते रहे। स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की और पुलिस को सूचना दी, जिसने उन्हें सुरक्षित घर पहुँचाया।

नौंचदी थाना क्षेत्र में रिश्तों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक भाई ने अपने ही नेत्रहीन बड़े भाई को इलाज के बहाने घर से बाहर निकाला और बीच चौराहे पर छोड़कर फरार हो गया। तपती दोपहर में घंटों तक सड़क पर भटकते रहे असहाय अरविंद की हालत ने इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया। समाज में रिश्तों की मजबूती और भाईचारे की मिसालें अक्सर दी जाती हैं, लेकिन नौंचदी थाना क्षेत्र के आवास विकास चौराहे पर जो हुआ, उसने इन मूल्यों पर गहरा सवाल खड़ा कर दिया। सुभाष नगर निवासी नेत्रहीन अरविंद कुमार गुप्ता के साथ उनके छोटे भाई ने जो व्यवहार किया, वह संवेदनहीनता की हद को पार करता नजर आया।
बताया गया कि अरविंद को उनका भाई विजय कुमार सुबह डॉक्टर को दिखाने के बहाने घर से लेकर निकला था। भरोसे के इस रिश्ते पर यकीन करते हुए अरविंद बिना किसी संदेह के उसके साथ चल पड़े। आरोप है कि आरोपी भाई उन्हें एक ऑटो में बैठाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाता रहा, ताकि उन्हें स्थान का अंदाजा न लग सके। इसके बाद वह उन्हें आवास विकास चौराहे के पास लाया और यह कहकर उतार दिया कि अस्पताल आ गया है। जैसे ही अरविंद ऑटो से नीचे उतरे, उनका भाई मौके से फरार हो गया। कुछ देर बाद जब उन्हें एहसास हुआ कि वे अकेले हैं और आसपास कोई परिचित नहीं है, तो वे घबराकर इधर-उधर भटकने लगे। तेज धूप, भीड़भाड़ और अपनी लाचारी के बीच वह घंटों तक चौराहे और आसपास घूमते रहे। उनकी असहाय स्थिति देखकर राहगीरों का दिल पसीज गया। एक राहगीर ने आगे बढ़कर उनसे बातचीत की, तब पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ। धीरे-धीरे आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने न सिर्फ उन्हें संभाला, बल्कि उन्हें पानी और खाना भी उपलब्ध कराया।- पुलिस लेकर पुहंची घरनेत्रहीन की मदद करते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने नेत्रहीन बुजुर्ग से पूछताछ कर उनकी पहचान सुनिश्चित की और बाद में उन्हें सुरक्षित उनके घर पहुंचाया। हालांकि इस पूरे मामले में भाई की भूमिका को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और लोग कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं, नेत्रहीन ने अपने भाई पर कोई भी लिखित ब्यान बाजी करने से मना कर दिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


