Meerut News: बैरियर धकेल कलेक्ट्रेट में घुसे किसान, डीएम से मुलाकात न होने पर आंदोलन की चेतावनी
Meerut News: भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने गन्ना किसानों की समस्याओं और वोट काटने के मुद्दे पर शनिवार को आक्रोश जताया और कलेक्ट्रेट में प्रवेश किया। किसानों ने एडीएम और एसपी सिटी से वार्ता की, लेकिन डीएम से मुलाकात की मांग पर अड़े रहे। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि मुलाकात नहीं हुई तो किसान अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे और अधिकारियों को दफ्तरों में नहीं बैठने देंगे।
Meerut News: गन्ना किसानों की समस्याओं और वोट काटने के मुद्दे को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को आक्रोश जताया। कमिश्नरी चौराहे से बैरियर धकेलते हुए किसान कलेक्ट्रेट में घुस गए। किसानों ने दिल्ली में सीजेपी के आंदोलन को भी समर्थन दिया। इस दौरान किसानों ने एडीएम और एसपी सिटी से वार्ता की। फिलहाल किसान डीएम से मुलाकात की मांग पर अड़े हैं। भाकियू के जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि पिछले छह महीनों से डीएम से मुलाकात नहीं हो पा रही है। किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारी उनसे बातचीत नहीं करेंगे तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि डीएम से मुलाकात नहीं कराई गई तो किसान अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करेंगे।
डीएम से मुलाकात की मांग
अनुराग चौधरी ने कहा कि अधिकारी किसानों से नहीं मिलेंगे तो उन्हें दफ्तरों में नहीं बैठने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी डीएम से मुलाकात नहीं करा सकते तो उन्हें बिचौलिया बनने की जरूरत नहीं है। किसान सीधे डीएम से बात कर लेंगे।
अधिकारियों को आंदोलन की चेतावनी
भाकियू जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि अगली बार किसान अधिकारियों को कॉल करके आने की सूचना देंगे। इसके बावजूद मुलाकात नहीं हुई तो आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। किसानों ने साफ कहा कि उनकी समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों ने एडीएम सिटी को लेकर आक्रोश जताया और कहा कि इस पद को मेरठ में खत्म कर देना चाहिए।

