नगर निगम कार्यकारिणी : भाजपा में 8 नामों पर विचार, 4 लड़ेंगे
Meerut News - भाजपा ने नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव के लिए आठ पार्षदों के नामों पर विचार किया है, लेकिन चार नामों को लेकर खींचतान जारी है। गुरुवार को मेयर कैंप कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें सांसद, विधायक...

भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुकी नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव को लेकर आठ पार्षदों के नामों पर विचार हुआ है। हालांकि, भाजपा की ओर से चार पार्षदों को ही कार्यकारिणी चुनाव में उतारा जाएगा। चार नामों को लेकर जमकर खींचतान की स्थिति है। हर नेता अपने चहेते को कार्यकारिणी का चुनाव लड़ाना चाह रहे हैं। नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव को लेकर गुरुवार की शाम को सूरजकुंड स्थित मेयर कैंप कार्यालय पर भाजपा की कोर कमेटी के सदस्यों की बैठक हुई। महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन रितुराज की अध्यक्षता और मेयर हरिकांत अहलूवालिया के संचालन में कोर कमेटी की बैठक हुई। बाहर रहने के कारण सांसद, विधायक, मंत्री बैठक में मौजूद नहीं रहे। कई नेताओं से फोन पर संपर्क किया गया। हालांकि, किसी नाम पर सहमति नहीं बनी। आठ से 10 पार्षदों के नाम पर चर्चा हुई, जिसमें से चार नामों को फाइनल किया जाएगा। संभावना है कि चुनाव की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को फिर बैठक होगी। तब जाकर चार नाम तय किये जाएंगे। हालांकि, निगम कार्यकारिणी चुनाव को लेकर भाजपा में जबरदस्त खींचतान चल रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि कुछ लोग अपने चहेते का नाम प्रस्तावित कर रहे हैं। बैठक में मेयर, महानगर अध्यक्ष के साथ क्षेत्रीय उपाध्यक्ष मनोज पोसवाल, पूर्व प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा, क्षेत्रीय प्रवक्ता गजेन्द्र शर्मा आदि रहे।
--------------------
इन नामों पर हुआ विचार
संदीप रेवड़ी, सुमित बैरागी, अजय चंद्रा, नरेश कश्यप, दीपिका शर्मा, सुनीता प्रजापति, कविता राही, राजीव गुप्ता काले, रेखा ठाकुर।
ये सदस्य हुए थे कार्यकारिणी से बाहर
कार्यकारिणी समिति से बाहर होने वालों में भाजपा से दीपक वर्मा, राजीव गुप्ता काले, रेखा और विक्रांत ढाका, सपा के कुलदीप उर्फ कीर्ति घोपला और नाजरीन। अब इनके स्थान पर छह सदस्यों का चुनाव होना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।