ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मेरठभाजपा के भीष्म पितामह ‘चचा कृष्ण गोपाल नहीं रहे

भाजपा के भीष्म पितामह ‘चचा कृष्ण गोपाल नहीं रहे

मेरठ भाजपा के भीष्म पितामह ‘चचा कृष्ण गोपाल का बुधवार को निधन हो गया। वे करीब 72 वर्ष के थे। जीवन भर उन्होंने भाजपा और संघ परिवार की सेवा की। नगर...

भाजपा के भीष्म पितामह ‘चचा कृष्ण गोपाल नहीं रहे
हिन्दुस्तान टीम,मेरठThu, 28 Jan 2021 03:07 AM
ऐप पर पढ़ें

मेरठ। मुख्य संवाददाता

मेरठ भाजपा के भीष्म पितामह ‘चचा कृष्ण गोपाल का बुधवार को निधन हो गया। वे करीब 72 वर्ष के थे। जीवन भर उन्होंने भाजपा और संघ परिवार की सेवा की। नगर निगम और चुनावों के वे विशेषज्ञ माने जाते थे। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के वे विश्वासपात्र रहे। भाजपा में छोटा हो या बड़ा, सभी के लिए वे जीवन भर चचा ही रहे। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा.लक्ष्मीकांत वाजपेयी के करीब 50 साल से साथी और चुनाव संयोजक रहे।

डा.वाजपेयी के अनुसार ‘चचा कृष्ण गोपाल का जन्म दिसंबर 1949 में हुआ। मेरठ नगर पालिका में सभासद दल नेता रहे। जनसंघ के महामंत्री प्रकाश चंद सर्राफ के साथ उन्होंने कार्य शुरू किया। मेरठ शहर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव सह संयोजक, संयोजक रहे। वर्ष 2001 में वे भाजपा के मेरठ महानगर के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वे जीवन भर सामान्य कार्यकर्ता को कार्य का आधार मानते थे। उन्हें बीच में भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रबंधन के लिए लखनऊ कार्यालय का प्रभार दिया गया। लोकसभा के पिछले परिसीमन के दौरान प्रदेश का काम देखा। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के आवास पर बैठकर उन्होंने परिसीमन का नक्शा आदि तैयार किया। चुनावों के वे प्रबंधन में लगातार लगे रहे। उनका वास्तविक नाम कृष्ण सिंह था।

लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि 50 वर्ष के साथी और मेरठ महानगर में एक युग समाप्त हो गया। सांसद राजेन्द्र अग्रवाल, राज्यसभा सांसद कांता कर्दम, विजयपाल सिंह तोमर, कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल, पूर्व विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व मेयर हरिकांत अहलूवालिया, भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल, पूर्व महानगर अध्यक्ष करुणेशनंदन गर्ग आदि ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। महानगर अध्यक्ष ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार गुरुवार को ब्रजघाट में किया जाएगा।

---------

एक बूथ, 20 यूथ का नारा हुआ था प्रचलित

भाजपा नेताओं के अनुसार चचा कृष्ण गोपाल ने सबसे पहले एक बूथ, 20 यूथ का नारा दिया था, जिसे प्रदेश और राष्ट्रीय नेतृत्व ने स्वीकार किया था। नगर निकाय चुनाव, मेरठ शहर, मेरठ कैंट विधानसभा क्षेत्र के अच्छे जानकार माने जाते थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र और लालजी टंडन के वे काफी नजदीकी रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें