
मेरठ में सनसनीखेज लूट! बंगाली कारीगर को सुंघाकर ₹28 लाख का सोना लूटा
Meerut News - मेरठ में ठठेरवाड़ा विनायक मंदिर के पास रात को मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने एक बंगाली कारीगर से 220 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए। कारीगर को बेहोश करने के बाद लूट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
मेरठ, हिन्दुस्तान टीम शहर के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ठठेरवाड़ा विनायक मंदिर के पास रविवार की रात करीब डेढ़ बजे एक बंगाली कारीगर को निशाना बनाते हुए मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने 220 ग्राम सोने के आभूषण लूट लिए। इन आभूषणों का मूल्य लगभग ₹28 लाख बताया जा रहा है। बदमाशों ने कारीगर को कुछ सुंघाकर बेहोश किया और वारदात को अंजाम दिया। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजयआनन्द अग्रवाल को घटना की जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनन्द अग्रवाल के अनुसार नाभा कुमार जाना नामक बंगाली कारीगर सोना कारीगरी का काम करता है।

रविवार की रात करीब नौ बजे अपने सोने के आभूषण लेकर ठठेरवाड़ा, विनायक मंदिर के सामने से गुजर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों ने उन्हें रोका और पता पूछने के बहाने उनसे बात करने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने कारीगर को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिसके बाद वह बेहोश हो गए। लूट को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए, जबकि कारीगर नाभा कुमार जाना बेहोशी की हालत में दिल्ली रोड पर ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पड़े मिले। होश में आने पर पीड़ित कारीगर ने तुरंत मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के महामंत्री विजय आनन्द अग्रवाल को घटना की जानकारी दी। विजय आनंद अग्रवाल ने देर रात लगभग 1:30 बजे 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कारीगर की जेब में रखे 220 ग्राम सोने के आभूषण गायब हैं। थाना कोतवाली इंस्पेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस मामले में सुसंगत धाराओं के तहत तुरंत एफआईआर दर्ज कर शीघ्र ही घटना का अनावरण करने और पूरे माल की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




