तहखाने वाले तस्कर तस्लीम की दो करोड़ की संपत्ति होगी जब्त
तहखाने वाले नशे के सौदागर तस्लीम की दो करोड़ की और संपत्ति पुलिस जब्त करेगी। इस संपत्ति का पूरा ब्योरा तैयार कर अफसरों को उपलब्ध कराया गया है। डीएम...

मेरठ। तहखाने वाले नशे के सौदागर तस्लीम की दो करोड़ की और संपत्ति पुलिस जब्त करेगी। इस संपत्ति का पूरा ब्योरा तैयार कर अफसरों को उपलब्ध कराया गया है। डीएम की अनुमित मिलते ही पुलिस 14-1 के तहत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई करेगी।
रेलवे रोड मछेरान निवासी स्मैक माफिया तस्लीम युवाओं को नशे की लत लगाता था और फिर उनके द्वारा ही इस धंधे को आगे बढ़ाने का काम करता था। एसएसपी प्रभाकर चौधरी के आने के बाद पुलिस ने उस पर शिकंजा कसना शुरू किया। पुलिस ने उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई करते हुए संपत्ति कुर्क की। इसके बाद पुलिस ने तस्लीम को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया। इस मामले में विवेचना कर रही लालकुर्ती पुलिस ने तस्लीम की हाल ही में कुछ और संपत्ति ढूंढ निकाली है, जिसकी अनुमानित कीमत दो करोड़ बताई जा रही है।
इन संपत्तियों में लिसाड़ीगेट में बना 250 वर्ग गज का मकान और रेलवे रोड के मछेरान में बने मकान के अलावा दो दुपहिया वाहन भी शामिल हैं। डीएम की अनुमति मिलते ही पुलिस सभी संपत्तियों को जब्त करेगी।
पहली कार्रवाई में मिला था तहखाना
तस्लीम के यहां अगस्त 2021 में पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की थी। पुलिस को शक था कि तस्लीम घर के भीतर ही स्मैक, चरस व अन्य नशे का सामान रखता है। तस्लीम तो फरार होने में कामयाब रहा लेकिन पुलिस उसके घर में तहखाना देखकर हैरान रह गई। हालांकि कुर्की कार्रवाई के दौरान पुलिस को कुछ हाथ नहीं आया। कुछ दिन बाद एल ब्लॉक नौचंदी इलाके से तस्लीम को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
