सरधना बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर चल रहा विवाद आज समाप्त हो सकता है। चुनाव अधिकारी बार अध्यक्ष ने प्रत्याशियों की सहमति के बाद फिर से मतगणना कराने का निर्णय लिया है। शुक्रवार को सुबह 10 बजे अध्यक्ष व महामंत्री पद के सभी प्रत्याशियों के सामने मतगणना की जाएगी।
बता दें कि बीती 29 दिसंबर को सरधना बार एसोसिएशन के का मतदान हुआ था। अध्यक्ष पद का परिणाम लगभग आ चुका था। कुलदीप त्यागी बढ़त बनाए हुए थे, केवल घोषणा बाकी थी। महामंत्री पद पर चल रही मतगणना में कुछ वोटो को लेकर विवाद हो गया। प्रत्याशियों ने कुछ वोटों को बाहर का बताकर उन्हें रद कराने की मांग की। हंगामा भी हुआ। बाद में चुनाव अधिकारी सैय्यद आरिफ अली ने बढ़ते विवाद को देखते हुए चुनाव निरस्त कर दिया। चुनाव निरस्त होने के बाद बार सभागर में बैठकों का दौर शुरू हुआ। गुरुवार को भी बैठक हुई जिसमें शुक्रवार सुबह 10 बजे बार सभागार में अध्यक्ष व महामंत्री पद के सभी प्रत्याशियों के सामने मतगणना कराने का निर्णय लिया गया।
वर्जन:::
सुबह 10 बजे फिर से मतगणना की जाएगी। इसके बाद अध्यक्ष, महामंत्री सहित अन्य पदों के परिणाम भी घोषित किए जाएंगे।
सैय्यद आरिफ अली, चुनाव अधिकारी