महिला आयोग सदस्य ने की अनुष्का पाल के परिजनों से मुलाकात
कंकरखेड़ा में कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल के हत्या मामले को लेकर महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया और सीबीआई जांच की मांग को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का वचन दिया। परिवार ने पुलिस जांच पर सन्देह व्यक्त किया।

कंकरखेड़ा में हुए राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल हत्याकांड प्रकरण को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला, भाजपा नेता सत्येंद्र भराला मृतक के गांव चिरौड़ी पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। महिला आयोग सदस्य ने पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। डॉ. मीनाक्षी भराला ने महिलाओं के बीच बैठकर घटना क्रम की जानकारी ली। मृतका खिलाड़ी के परिजनों ने पुलिस की जांच पर सवालिया निशान उठाते हुए महिला आयोग सदस्य को बताया कि जब तक डीएनए रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक उन्हें इस बात का भरोसा नहीं है कि जिस शव का पोस्टमार्टम हुआ और उन्होंने अंतिम संस्कार किया, वह उनकी बेटी अनुष्का पाल का ही है।
परिवार ने मामले की सीबीआई जांच की मांग दोहराई। महिला आयोग सदस्य ने परिजनों को सही कार्रवाई का आश्वासन दिया कि उनकी मांग को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और मुख्यमंत्री से प्रकरण में सीबीआई जांच की सिफारिश करेंगी, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के साथ मृतका को इंसाफ मिले और दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। इस दौरान ग्राम प्रधान नरेश पाल, मनोज शर्मा, जितेंद्र राठी, पदमेंदर सिंह गुर्जर, प्रवीण पाल, सोहनवीर सिंह, चौधरी रामबीर सिंह आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


