
मथुरा हादसे के बाद मेरठ में अलर्ट, रात को हाईवे पर बढ़ाई चौकसी
Meerut News - मथुरा में सड़क हादसे के बाद वेस्ट यूपी में अलर्ट जारी किया गया है। मेरठ में हाईवे के सभी ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। रात में पुलिस की गश्त बढ़ाने, रिफ्लेक्टर फिल्म लगाने और क्रैश बैरियर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क पर हादसे रोकने के लिए एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस मिलकर काम कर रही हैं।
मथुरा में भीषण सड़क हादसे के बाद वेस्ट यूपी में भी अलर्ट किया गया है। मेरठ में हाईवे पर सभी ब्लैक स्पॉट पर एहतियात बढ़ाने और रात के समय हाईवे पर निगरानी तेज करने का आदेश दिया गया है। टोल प्लाजा के वाहनों की भी निगरानी तेज करने और एसओएस स्विच चेक करने का भी आदेश किया गया है। वहीं, वाहनों पर रिफ्लेक्टर फिल्म लगाने, क्रैश बैरियर लगाने, पुलिस की गश्त बढ़ाने और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर व्यवस्था बनाने का काम शुरू किया गया है। मेरठ में ट्रैफिक पुलिस ने इसे लेकर काम शुरू कर दिया है। एनएचएआई के अधिकारियों के साथ मीटिंग की गई है।
साथ ही टोल प्लाजा पर टीम को लगाया गया है, ताकि ट्रकों व गन्ना लेकर जाने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली के पीछे रिफ्लेक्टर टेप को लगाया जा सके। पुलिस टीम को हादसे वाली जगहों पर तुरंत पहुंचने के लिए कहा गया है। इसके अलावा पूर्व में पांच सालों में जिन जगहों पर हाईवे पर सबसे ज्यादा हादसे हुए, उन सभी जगहों पर सर्वे कराने और व्यवस्था बनाने को ट्रैफिक पुलिस और एनएचएआई की टीम को निर्देश दिए गए हैं। रात को कोहरा होने पर वाहनों को काफिला बनाकर आगे भेजने का निर्देश भी दिया गया है, ताकि हादसे न हो। टोल अधिकारियों को सीसीटीवी को दुरुस्त कराने के लिए कहा गया है। ----------------------------------- ब्लैक स्पॉट पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई मेरठ में हाईवे पर 22 ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए गए हैं। इनमें तीन ब्लैक स्पॉट मेरठ-हापुड़ हाईवे पर हैं, जबकि बाकी एनएच-58, मेरठ बागपत हाईवे और मेरठ-गढ़ हाईवे पर हैं। इन जगहों पर लाइट की व्यवस्था कराने, सड़कों को ठीक कराने, संकेतक लगाने, दुर्घटना संभावित बोर्ड लगाने और बाकी सुधार कराने के लिए कहा गया है। इस काम में एनएचएआई के अधिकारियों की मदद ली जा रही है। पुलिस को इन स्पॉट पर निगरानी और गश्त के लिए लगाया है। ----------------------------------- रात के समय पुलिस की गश्त बढ़ाई पुलिस अधिकारियों ने हाईवे पर मौजूद रहने वाली यूपी 112 और थाना पुलिस की जीप को रात के समय गश्त बढ़ाने के लिए कहा गया है। इन प्वाइंट पर कैमरे ठीक कराने को भी कहा है। थाना पुलिस को निर्देश दिए हैं कि हादसा होने पर तुरंत पास के अस्पताल में घायलों को पहुंचाया जाए। ----------------------------------- टूटे क्रैश बैरियर ठीक कराने का आदेश हाईवे और तीव्र मोड पर जहां भी क्रैश बैरियर टूटे हैं, उन्हें ठीक कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों से कहा गया है। जिन जगहों पर सड़क क्षतिग्रस्त है, उसकी रिपोर्ट को एनएचएआई अफसरों को भेजी गई है। टूटे डिवाइडर को ठीक कराने और बाकी व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। ----------------------------------- ये रखें सावधानी - कोहरे में वाहनों की स्पीड कम रखें और सावधानी से चलें - नींद की झपकी आए तो किसी सुरक्षित जगह पर वाहन रोकें - कार-वाहन को हाईवे किनारे खड़ा करं तो हजार्ड लाइट इस्तेमाल करें - कोहरे में वाहनों की कतार में ही चलें और स्पीड कम रखें ----------------------------------- मथुरा सड़क हादसे के बाद मेरठ में भी अलर्ट किया गया है। यहां हाईवे पर चिन्हित सभी ब्लैक स्पॉट का दोबारा सर्वे कर सुधार के लिए टीम को लगाया गया है। ऐसी जगहों पर गति सीमा के साइन बोर्ड, दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बोर्ड और ब्लैक स्पॉट संबंधित साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। एनएचएआई की टीम भी लगातार सर्वे कर रही है। रात के समय पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। लगातार प्रयास है कि कोई सड़क हादसा न हो। -राघवेंद्र कुमार मिश्रा, एसपी ट्रैफिक मेरठ

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




