निरीक्षण : सरूरपुर सीएचसी पर खामियां मिलने पर एसीएमओ ने जताई नाराजगी

निरीक्षण : सरूरपुर सीएचसी पर खामियां मिलने पर एसीएमओ ने जताई नाराजगी

संक्षेप:

Meerut News - सरूरपुर के सीएचसी में अनियमितताओं की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। एसीएमओ डॉ. कांति प्रसाद ने औचक निरीक्षण के दौरान कई खामियां पाई और स्टाफ को चेतावनी दी। उन्होंने साफ-सफाई, रिकॉर्ड और आवश्यक दवाओं की कमी पर ध्यान दिया। लापरवाही के लिए कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

Nov 13, 2025 01:59 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मेरठ
share

सरूरपुर। सरूरपुर स्थित सीएचसी में अनियमितताओं को लेकर लगातार शिकायत की जा रही है। दो दिन पूर्व कस्बा हर्रा निवासी युवक ने वीडियो वायरल की थी जिसमें सीएचसी पर अनियमितताओं के आरोप लगाए थे। शिकायतों के बाद बुधवार को एसीएमओ डॉ. कांति प्रसाद सीएचसी पहुंचे और औचक निरीक्षण किया। कई खामियां सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और जिम्मेदारों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने लेबर रूम, इमरजेंसी और ओपीडी से लेकर तमाम व्यवस्थाएं परखी। साथ ही रिकॉर्ड का भी बारीकी से निरीक्षण किया। साफ-सफाई और व्यवस्था सुधारने के निर्देश देते हुए स्टाफ को लापरवाही बरतने पर कार्रवाई के लिए भी चेताया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इस दौरान रजिस्टर अधूरे मिले और कई अभिलेखों में रिकॉर्ड ठीक से दर्ज नहीं पाया गया। एसीएमओ ने लेबर रूम का निरीक्षण किया, जहां स्वच्छता व्यवस्था संतोषजनक नहीं थी। खामियां मिलने पर उन्होंने चिकित्सकों को फटकार लगाई और व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए दिशा-निर्देश दिए। उपकरणों की कमी व कई आवश्यक दवाइयां भी शॉर्ट पाई गईं। उन्होंने विभाग को पत्र लिखकर दवाओं की उपलब्धता पूरी कराने के निर्देश दिए। एसीएमओ ने कहा कि सीएचसी पर प्रसव जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जाएगी। चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में खामियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो को लेकर पूछने पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने इस पर सफाई पेश की।