ललिता गौतम हत्याकांड: थप्पड़ कांड में मानवाधिकार आयोग ने दर्ज किए केस, डीजीपी से मांगा जवाब
Meerut Lalita Gautam Murder Case: मेरठ के थप्पड़ कांड और लाठीचार्ज के मामले में रिटायर्ड आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर की ओर से राज्य मानवाधिकार आयोग को भेजी शिकायत पर केस दर्ज किया गया है।
Meerut Lalita Gautam Murder Case: मेरठ के थप्पड़ कांड और लाठीचार्ज का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर गरमा गया है। आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष और रिटायर्ड आईपीएस अफसर अमिताभ ठाकुर की ओर से राज्य मानवाधिकार आयोग को भेजी शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, भोपाल के डॉ. अंबेडकर जनकल्याण समिति की ओर से भेजी गई शिकायत का भी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लेते हुए केस दर्ज कर लिया है। आयोग ने उत्तर प्रदेश के डीजीपी को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है, साथ ही टिप्पणी भी की है कि मौजूद वीडियो आधार पर यह प्रकरण प्रथम दृष्टया मानवाधिकारों के उल्लंघन का पाया गया है।
रोहटा के थिरोट गांव निवासी ललिता गौतम की हत्या के मामले में बाकी आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर 8 जुलाई को मेरठ कमिश्नरी पर धरने के दौरान पुलिस ने लाठियां फटकारी थीं और एसएसपी ने लोगों पर थप्पड़ बरसाए थे। बंदी वाहन में बंद एक आरोपी रवि गौतम को एसएसपी द्वारा पीटने का वीडियो भी वायरल हुआ था।
रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने मारपीट, थप्पड़बाजी और लाठीचार्ज की तमाम वीडियो के साथ शिकायत राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग और राज्य मानवाधिकार आयोग में की थी। राज्य मानव अधिकार आयोग ने इसे लेकर केस संख्या 14615/24/54/2026 दर्ज कर लिया है। अमिताभ ठाकुर ने शिकायत में कहा था कि एसएसपी मेरठ द्वारा मारपीट किया जाना गंभीर मानवाधिकार उल्लंघन और जवाबदेही का विषय है।
डॉ. अंबेडकर जनकल्याण समिति की शिकायत पर भी केस
लाठीचार्ज और थप्पड़ कांड को लेकर भोपाल की डॉ. अंबेडकर जनकल्याण समिति ने भी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग को शिकायत भेजी थी। वीडियो साक्ष्य भी शिकायत के साथ भेजे गए थे। इस पर आयोग ने केस संख्या 7581/24/54/2026 दर्ज कर लिया है, साथ ही यूपी के डीजीपी और सचिव को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है। भेजे गए पत्र में लिखा गया है कि प्रथम दृष्टया शिकायत के साथ जो वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, उनके अनुसार मानवाधिकारों के उल्लंघन का प्रकरण पाया गया है। 15 दिन में एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी गई है।


