
कानपुर में मेडिकल स्टोर संचालक भाइयों को पीटा, अंगूठा-अंगुली काटी, चापड़ के हमले में निकलीं आंतें
कानपुर में दबंगों ने मेडिकल स्टोर संचालक भाइयों ने साथियों के साथ युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, उस पर चापड़ से कई वार किए। हाथ का अंगूठा और अंगुली काट दी।
कानपुर के विनायकपुर क्षेत्र में दवा की कीमत को लेकर विवाद हो गया। दबंगों ने मेडिकल स्टोर संचालक भाइयों ने साथियों के साथ युवक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, उस पर चापड़ से कई वार किए। हाथ का अंगूठा और अंगुली काट दी। सिर, चेहरे और गर्दन पर वार कर लहूलुहान कर दिया। इस कदर पीटा कि पीड़ित की आंतें तक बाहर आ गईं। सर्वोदय नगर स्थित अस्पताल के आईसीयू में युवक को भर्ती कराया गया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मेडिकल स्टोर संचालक, दोनों भाइयों और एक अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जूही निवासी चंदन सिंह के मुताबिक उनका केशवपुरम में रहने वाला भांजा अभिजीत सिंह बीमार मां की दवा लेने शनिवार रात विनायकपुर स्थित मेडिकल स्टोर गया था। मेडिकल स्टोर संचालक अमर सिंह और विजय सिंह से उसका एमआरपी से ज्यादा रेट में दवा देने को लेकर विवाद हो गया। अमर व विजय सिंह ने अपने साथियों निखिल तिवारी और प्रिंस राज श्रीवास्तव के साथ मिलकर अभिजीत पर चापड़ से हमला कर दिया। उसे घेरकर सिर ,चेहरे और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान हालत में दोस्त अभिजीत को लेकर गुरुदेव चौकी लेकर पहुंचा। जहां दरोगा ने पहले इलाज की नसीहत देकर हैलट रवाना कर दिया।
पीड़ित पर ही लिख दिया मुकदमा
इस दौरान रावतपुर पुलिस ने भी हद पार कर दी। विजय सिंह और अमर की तहरीर पर अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे अभिजीत के खिलाफ ही लूट और रंगदारी की रिपोर्ट दर्ज कर दी। मेडिकल स्टोर संचालक ने आरोप लगाया कि अभिजीत ठाकुर ने अपने भाई सौरभ व साथी रजत मिश्रा के साथ मेडिकल स्टोर में जबरदस्ती घुसकर अमर पर जान से मारने की धमकी देते हुए पिस्टल लगाकर दो लाख की रंगदारी मांगी। पीड़ित के सिर पर पिस्टल से हमला कर दिया। दौड़ाने पर गाड़ी छोड़कर भाग निकले। एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह के मुताबिक पुलिस पर लगे आरोप बहुत गंभीर है। रावतपुर इंस्पेक्टर को तत्काल अस्पताल भेज कर तहरीर मंगवा युवक की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। किन परिस्थितियों में आरोपित पक्ष की ओर से पहले रिपोर्ट दर्ज हुई है, इसकी जांच की जाएगी। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। युवक पर हमला करने वाले अमर सिंह, विजय सिंह और उनके साथी निखिल को गिरफ्तार कर लिया गया है।





