मायावती बोलीं-मेरे बीमार होने का भ्रम फैला रहे, आकाश आनंद के फोन को बताया प्रमाण
बसपा प्रमुख मायावती रविवार को मीडिया के सामने आईं। उन्होंने कहा कि वह खासतौर पर मीडिया के सामने आई हैं ताकि अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सावधान कर सकें। पार्टी से निकाले गए कुछ लोग यह भ्रम फैला रहे हैं कि बहन जी बीमार हैं। उन्होंने प्रमाण के तौर पर आकाश आनंद की एक कॉल का जिक्र किया।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने रविवार को बसपा के जनाधार को मजबूत करने, पार्टी में जिम्मेदारी सहित तीन खास मुद्दों पर मीडिया के सामने आकर अपनी बात रखी। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि पार्टी से निकाले गए कुछ विरोधी उनकी सेहत को लेकर भ्रम फैला रहे हैं। मायावती ने इसके प्रमाण के तौर पर अपने भतीजे आकाश आनंद की एक फोन कॉल का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शनिवार की रात 10:04 बजे पार्टी ऑफिस इंचार्ज आलोक कुमार के पास आकाश आनंद का फोन आया था। वह मेरे स्वास्थ्य के बारे में पूछताछ कर रहे थे। उन्होंने यह बात मुझे बताने से मना भी किया। इसके पीछे उनकी मानसिकता सही भी हो सकती है और गलत भी हो सकती है क्योंकि अभी भी वह अपने दिमाग से नहीं अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के दिमाग से ही चल रहे हैं।
इसके साथ ही मायावती ने बताया कि पूरे देश में बसपा के कामकाज को तीन सेक्टरों में बांट दिया गया है। यूपी-उत्तराखंड को छोड़कर देश के अन्य राज्यों में यानी दो सेक्टरों में बसपा के कामकाज की समीक्षा के लिए हर डेढ़ महीने पर बसपा के दिल्ली ऑफिस में पार्टी उपाध्यक्ष आनंद कुमार बैठक लेंगे और प्रगति रिपोर्ट से उन्हें अगवत कराएंगे।
मायावती ने कहा कि पहले सेक्टर में यूपी-उत्तराखंड है जिसकी सीधी मॉनिटरिंग लखनऊ 9 मॉल एवेन् स्थित बसपा के कैंप कार्यालय उनकी देखरेख में हो रही है। उन्होंने कहा कि अन्य दोनों सेक्टरों के प्रभारियों से भी वह फोन पर लगातार संपर्क में हैं और बीच-बीच में लखनऊ में रिपोर्ट लेती रहेंगी। बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि शनिवार रात पार्टी ऑफिस इंचार्ज आलोक कुमार को आए आकाश आनंद के फोन का उल्लेख करते हुए बताया कि आकाश ने आलोक कुमार से पूछा कि क्या बहन जी की तबीयत खराब चल रही है। उनका स्वास्थ्य कैसा है?
इस पर आलोक कुमार ने उन्हें बताया कि बहन जी तो एकदम स्वस्थ हैं। तब आकाश आनंद ने उनसे मुझे इस बारे में नहीं बताने को भी कहा। इसके पहले बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि मीडिया और पार्टी के लोगों के मन में यह जरूर आ रहा होगा कि पिछले एक-डेढ़ महीने से वह (मायावती) बड़े-बड़े मामलों को ट्वीट करके अपनी बात रख रही हैं तो फिर रविवार को अपनी बात रखने के लिए मीडिया के सामने क्यों आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह मीडिया के सामने इस वजह से आईं ताकि अपनी पार्टी के लोगों को विरोधियों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम से सचेत कर सकें। मायावती ने कहा कि हाल में उनके द्वारा निकाले गए लोग पार्टी के लोगों में भ्रम फैला रहे हैं कि बहन जी बीमार हैं। इससे सावधान रहने की जरूरत है।
रविवार सुबह बसपा के एक्स हैंडल पर दी गई ये सूचना
बसपा प्रमुख मायावती द्वारा समाचार एजेंसियों को बाइट दिए जाने की सूचना रविवार सुबह बकायदा बसपा के एक्स हैंडल से दी गई। इसके साथ ही पार्टी के पदाधिकारियों और समर्थकों को प्रसारण का वक्त बताते हुए अपील की कई कि वे बसपा प्रमुख की बातों को सुनें।
बिक्स सम्मेलन की उपलब्धियों की तारीफ की
अपने बयान की शुरुआत में बसपा सु्प्रीमो मायावती ने नई दिल्ली में हो रहे ब्रिक्स सम्मेलन में भारत की उपलब्धियों की तारीफ की। उन्होंने शनिवार को सर्वसम्मति से जारी ‘नई दिल्ली घोषणापत्र-2026’ को भारत की सूझबूझ, कूटनीतिक सफलता और उपलब्धि का उदाहरण बताया।
पंचायत सहायकों की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करे सरकार
मायावती ने इस मौके पर लखनऊ के इको गार्डन में मानदेय बढ़ोत्तरी और पक्की नौकरी की मांग को लेकर आंदोलनरत पंचायत सहायकों की मांगों पर सरकार से सहानुभूतिपूर्वक विचार करने की अपील भी की।

