यूपी चुनाव: नीला गमछा, भगवा रथ, अखिलेश यादव पर भड़कीं मायावती, मुसलमानों को दी यह नसीहत

लाइव हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने अखिलेश यादव के पीडीए रथ को लेकर अब तीखा हमला बोला है। मायावती ने इसके भगवा रंग को लेकर मुसलमानों को इशारों में सतर्क करते हुए लुभाने की कोशिश की है।

Mayawati lashes out Akhilesh Yadav
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती और सपा प्रमुख अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

यूपी में विधानसभा चुनाव की तारीखें जैसे-जैसे नजदीक आ रही हैं, वैसे-वैसे नेताओं के बीच वार-पलटवार और बयानों के तीर एक दूसरे पर तेज हो रहे हैं। अब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव की 'पीडीए यात्रा' के बनाए गए रथ के भगवा रंग और नीले गमछे के इस्तेमाल पर मायावती भड़की हुई हैं। इसी बहाने उन्होंने मुसलमानों को भी लुभाने की कोशिश की है और सपा को लेकर नसीहत भी दी है। सपा के पीडीए पर भी वार किया है।

अखिलेश से पूछा, मुसलमानों से भरोसा उठ गया?

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए तैयार पीडीए रथ सपा के अपने लाल रंग का कम और आरएसएस-भाजपा के भगवा रंग का ज्यादा दिखाई देता है। पूछा कि यह हिंदू वोटों की खातिर गिरगिट की तरह लगातार रंग बदलना है या मुसलमानों से भरोसा उठ गया है?

ब्राह्मण समाज की तरह मुसलमान भी बदल रहे रुख

मायावती ने मुस्लिम समाज को अपने पक्ष में लुभाते हुए कहा कि यह कड़वी हकीकत है कि एकतरफा वोट देने के बाद सपा विधानसभा और लोकसभा में भाजपा को नहीं रोक सकी है। ऐसे में मुस्लिम समाज अब यह सोच रहा है कि सपा को बार-बार वोट देकर अपना वोट ख़राब क्यों किया जाए। यह भी कहा कि हिंदू अपरकास्ट ख़ासकर ब्राह्मण समाज की तरह ही वह भी अपना रुख काफी तेज़ी से उनकी पार्टी बसपा के पक्ष में बदल रहे हैं।

पीडीए की असलियत भी बताएं अखिलेश

सपा के पीडीए पर हमला करते हुए मायावती ने कहा कि इसकी असलियत क्या है, यह भी बताना चाहिए। चुनावी स्वार्थ में कभी ’पीडी’ को ’पिछड़ा, दलित’ बताया जाता है तो कभी ’पीडी’ को ’पण्डित’ बता जाता है। कभी अपने आपको ’अम्बेडकरवादी’ दर्शाने के चक्कर में बसपा का ’नीला’ रंग टांगकर तस्वीरें खिंचवाई जाती हैं।

अपनी सरकारों की उपलब्धियां भी गिनाईं

मायावती ने अपनी पिछली सरकारों की उपलब्धियां भी इस दौरान गिनाईं। कहा कि सपा के इन हथकंडों के विपरीत बसपा सर्वसमाज के लिए सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय की नीति और सिद्धान्त वाली अम्बेडकरवादी पार्टी है। सभी को रोटी-रोज़गार-युक्त आत्म-सम्मान और स्वाभिमान का जीवन जीने की पक्षधर है। ऐसे में सर्वसमाज में बीएसपी का अपना सम्मान है।

बसपा जैसे राज की फिर जरूरत

कहा कि बसपा यूपी में अपराध नियंत्रण, शान्ति-व्यवस्था के मामलों में क़ानून द्वारा क़ानून के राज के साथ ही व्यापक जनहित, जनकल्याण और विकास के मामलों में भी बेहतरीन आयरनलेडी राज यहां कई बार स्थापित करके दिखा चुकी है। ऐसे ही राज की एक बार फिर यूपी को सख्त जरूरत है।

गौरतलब है कि दो दिन पहले ही अखिलेश यादव का पीडीए रथ मीडिया के सामने आया है। इन नए रथ पर 24 सितंबर को पहली बार अखिलेश यादव सवार होने वाले हैं। रायबरेली से अखिलेश इस रथ से जिले को मथेंगे और चुनावी बिगुल फूंकने की उम्मीद है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsनीला गमछा, भगवा रथ, अखिलेश यादव पर भड़कीं मायावती, मुसलमानों को दी यह नसीहत