योगी सरकार की आभारी हुईं मायावती, भदोही के बाद इस जिले का भी नाम बदलने की मांग

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती भदोही का नाम बदलने के ऐलान से गदगद हैं। उन्होंने यूपी की योगी सरकार का आभार जताते हुए अब कासगंज का भी नाम बदलने की मांग कर दी है।

bsp chief Mayawati
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती (फाइल फोटो)

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भदोही का नाम बदलकर फिर से संत रविदास नगर करने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसले से गदगद हैं। नाम बदलने के ऐलान पर मायावती ने योगी सरकार का आभार जताते हुए एक और जिले का नाम बदलने की मांग रख दी है। उन्होंने कासगंज का नाम बदलकर बसपा के संस्थापक मान्यवर कांशीराम के नाम पर करने की मांग की है। मायावती ने ही अपनी सरकार के दौरान भदोही का नाम बदलकर संतरविदास नगर और कासगंज का नाम कांशीराम के नाम पर किया था। बाद में अखिलेश यादव की सपा सरकार ने दोनों जिलों का पुराना नाम बहाल किया था। मायावती ने योगी सरकार का आभार जताने के साथ ही सपा पर निशाना भी साधा है।

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर इसे लेकर लंबी पोस्ट लिखी है। इस पोस्ट में योगी सरकार का अभार जताने के साथ सपा पर तीखा हमला बोला है। मायावती ने लिखा कि बसपा सरकार द्वारा भदोही को जिला मुख्यालय का दर्जा देते हुए 'संत रविदास नगर' बनाया गया था। लेकिन बाद में आई समाजवादी पार्टी की सरकार ने अपनी संकीर्ण और जातिवादी मानसिकता के तहत इसका नाम बदल दिया था। अब फिर से भदोही का नाम 'संत रविदास नगर' करने पर बसपा राज्य सरकार की आभारी है।

सपा पर तीखा हमला

मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और जनहित को बेहतर बनाने के लिए कई नए जिले, तहसील और पुलिस जोन बनाए गए थे। इनमें से अधिकतर जिलों के नाम दलित, शोषित और अन्य पिछड़े वर्गों (ओबीसी) के महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के सम्मान में रखे गए थे। इसी क्रम में संत रविदास नगर, छत्रपति शाहूजी महाराज नगर और भीम नगर जैसे जिले अस्तित्व में आए थे। कहा कि सपा सरकार ने केवल राजनीतिक द्वेष और अपनी जातिवादी संकीर्ण सोच के कारण इन जिलों के नाम बदल दिए।

कासगंज का नाम बदलने की मांग

मायावती ने कासगंज जिले का जिक्र करते हुए कहा कि ब्रज क्षेत्र के विकास के लिए इसे जिला मुख्यालय बनाकर मान्यवर श्री कांशीराम जी नगर नाम दिया गया था। सपा सरकार ने अपने तथाकथित 'पीडीए' (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी रवैये के कारण इसका भी नाम बदल दिया था।

कांशीराम के नाम पर जिले के लिए एडवांस में दिया आभार

मायावती ने योगी सरकार से मांग की है कि जिस तरह संत रविदास नगर का नाम बहाल किया गया है, ठीक उसी तरह कासगंज का नाम भी मान्यवर कांशीराम जी के नाम पर फिर से बदला दिया जाए। उन्होंने कहा कि यदि यह कार्य 9 अक्टूबर को मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस से पहले या उसी दिन कर दिया जाए तो बसपा इसके लिए राज्य सरकार की विशेष रूप से आभारी रहेगी।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsयोगी सरकार की आभारी हुईं मायावती, भदोही के बाद इस जिले का भी नाम बदलने की मांग