मायावती उत्तराधिकारी को लेकर कन्फ्यूज! आकाश आनंद क्यों नहीं जीत पा रहे बसपा का भरोसा?
मायावती ने भतीजे आकाश आनंद पर तीसरी बार कार्रवाई की है। मायावती के इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। बार-बार कार्रवाई से सवाल उठ रहे हैं कि क्या मायावती उतराधिकारी को लेकर कन्फ्यूज हैं ?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बसपा प्रमुख मायावती एक तरफ जहां संगठन को मजबूत करने में लगीं हैं वहीं दूसरी तरफ बार-बार पारिवारिक अंतर्कलह भी सामने आ रही है। यह तीसरा मौका है जब मायावती ने बैठक में अपने भतीजे और पार्टी के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद को लेकर तीखी टिप्पणी की। मायावती ने कहा कि वह अभी परिपक्व नहीं हैं और उन्हें बड़ी जिम्मेदारी नहीं दी जा सकती। उनका पद ले लिया गया है। दरअसल, राजनीतिक जानकार बताते हैं कि आकाश आनंद पर बार-बार ऐक्शन के पीछे की वजह परिवारिक अंतर्रकलह हो सकती है। इसके साथ ही जानकारों का यह भी मानना है कि मायावती इस कार्रवाई से पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संदेश देना चाहती हैं कि पार्टी उन्हीं के फैसलों से चलेगी। उनका का कोई विकल्प नहीं हो सकता है। बार-बार कार्रवाई से यह भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या मायावती उत्तराधिकारी को लेकर कन्फ्यूज हैं? दूसरा यह भी कि आकाश आनंद बसपा का भरोसा क्यों नहीं जीत पा रहे ?
यूपी विधानसभा चुनाव से ठीक पहले बसपा प्रमुख मायावती के इस ऐक्शन के बाद सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हैं। दरअसल, आकाश आनंद इस समय पूरे फर्म में दिख रहे थे। आकाश आनंद भाजपा, सपा और कांग्रेस पर लगातार हमलावर थे। इस बीच आकाश आनंद को अपनी ही बुआ मायावती से तीसरी बार झटका मिला है। आकाश ने अपने एक्स अकाउंट से पद हटाकर खुद को बसपा कार्यकर्ता लिख दिया है। इसके पहले भी आकाश आनंद पर दो बार कार्रवाई हुई।
लोकसभा चुनाव 2024 से पहली बार झटका
पहली बार लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान 7 मई 2024 को मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर हटा दिया था। चुनाव के बाद जून 2024 में आकाश आनंद की पार्टी में वापसी हो गईऔर उनकी जिम्मेदारियां बहाल कर दी गई। इसके बाद दूसरी बार 2 मार्च 2025 को मायावती ने आकाश आनंद को एक बार फिर पार्टी के सभी पदों से हटा। इसके बाद 3 मार्च 2025 को आकाश आनन्द को पार्टी से पूरी तरह बाहर कर दिया गया।
दूसरी बार सार्वजानिक माफी मांगने पर हुई थी वापसी
इसके बाद अप्रैल 2025 में आकाश की दोबारा पार्टी में वापसी हुई। इस दौरान आकाश ने मायावती को अपना राजनीतिक गुरु और आदर्श बताते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इसके बाद मायावती ने उन्हें एक और मौका दिया। 18 मई 2025 को आकाश आनंद को चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर जैसी बड़ी जिम्मेदारी दी गई। इसके बाद अब 3 सितंबर को एक बार फिर आकाश आनंद को फिर झटका लगा है। मायावती ने एक फिर आकाश आनंद को लेकर तीखी टिप्पणी की। आकाश आनंद को पद से हटा दिया गया है।


