मायावती ने चुनावी सर्वे को बताया फेक, आकाश आनंद को 28 अक्टूबर से इस मिशन पर लगाया
बसपा प्रमुख मायावती ने यूपी विधानसभा चुनाव से पहले आ रहे सर्वे को फेक बताया है। उन्होंने कहा है कि अभी से ही षड़यंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक और ध्यान भटकाने वाला सर्वे का मिथ्या प्रचार शुरू कर दिया गया है। इसमें बसपा को निशाना बनाया जाना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आ रहे सर्वे को लेकर सवाल उठाए हैं। शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा कि यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले अगले विधानसभा चुनाव में बसपा अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन के साथ जमीनी तैयारियों में जुटी है वहीं जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया द्वारा अभी से ही षड़यंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक और ध्यान भटकाने वाला सर्वे का मिथ्या प्रचार शुरू कर दिया गया है। इसमें बसपा को निशाना बनाया जाना अत्यंत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। बता दें कि यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए बसपा एक बार फिर से आकाश आनंद को चुनाव मैदान में उतारने जा रही है। बसपा में नेशनल कोऑर्डिनेटर का पद और पार्टी सुप्रीमो मायावती का आशीर्वाद मलने के बाद आकाश आनंद को मिशन यूपी में यह बड़ी जिम्मेदारी मिली है।
शनिवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट में बसपा प्रमुख मायावती ने लिखा कि जातिवादी मीडिया द्वारा चुनाव के दौरान बसपा के खिलाफ हमेशा मिथ्या और अनर्गल प्रचार किया जाता है। फेक और प्रायोजित सर्वे में बसपा को हमेशा कम और कमज़ोर करके आंका जाता रहा है। यहां तक कि सन 2007 में भी इनका बर्ताव ऐसा ही था। जबकि बसपा ने तमाम लोगों के क़यासों और उम्मीदों पर पानी फेरते हुये पूर्ण बहुमत की अपनी सरकार बनाई थी। फिर यूपी में सबके साथ न्याय करने के लिए ’क़ानून द्वारा क़ानून का राज’ कायम करने सहित ’सर्वजन हिताय और सर्वजन सुखाय’ के नये संवैधानिक कल्याणकारी युग की शुरुआत हुई थी।
बहुजन समाज से की ये अपील
उन्होंने आगे लिखा कि यूपी में पहले सपा और अब भाजपा राज से त्रस्त सर्वसमाज से और ख़ासकर ’बहुजन समाज’ के लोगों से यही अपील है कि वे विरोधी पार्टियों तथा जातिवादी तत्वों के साम, दाम, दण्ड, भेद आदि हथकण्डों सहित सभी प्रकार के मिथ्या और दुष्प्रचार आदि से ज़रूर सावधान रहें। पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने में पूरे जी-जान से लगातार लगे रहें। इसमें ही सबका हित निहित और सुरक्षित भी है।
आकाश आनंद 28 से करेंगे जनसभाएं
बसपा के नेशनल कोआर्डिनेटर आकाश आनंद प्रदेश की राजनीति में फिर सक्रिय हो गए हैं। आकाश आनंद 28 अक्तूबर से पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में सभाओं का आगाज करेंगे। शुरुआत पश्चिमी उत्तर प्रदेश से कर रहे हैं। वह यूपी ही नहीं उत्तराखंड और पंजाब का भी दौरा करेंगे। आकाश 28 को बुलंदशहर के अनूप शहर से पार्टी उम्मीदवार मनोज कुमार प्रधान के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। दो नवंबर को सहारनपुर में नकुड़ विधानसभा क्षेत्र के उम्मीदवार नरेश कुमार सैनी के समर्थन में रैली को सबोधित करेंगे। दोनों रैलियों का समन्वय पूर्व सांसद मनुकाद अली कर रहे हैं। 20 नवंबर को बीकापुर, 22 को आगरा, 26 नवंबर को पंजाब, 29 को बिल्हौर तथा छह दिसंबर को हरिद्वार में पार्टी की जनसभा को संबोधित करेंगे।

