
हमारी खामोशी को बुजदिली न समझा जाए, कार्रवाई नहीं हुई तो सड़कों पर उतरेंगे: मौलाना तौकीर
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद अपने सौदागरान स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में पैगंबर ए इस्लाम की शान में गुस्ताखी हुई।
आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां ने शुक्रवार को जुमा नमाज के बाद अपने सौदागरान स्थित आवास पर प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि शाहजहांपुर में पैगंबर ए इस्लाम की शान में गुस्ताखी हुई। हमारे समाज के लोगों पर हमलों पर न तो सरकार ने कोई सख्ती दिखाई और न ही सुप्रीम कोर्ट ने नोटिस किया। यह सब माहौल बिगड़ने वाले संगठनों की साजिश है, जो देश में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए मौलाना ने कहा कि हमारे समाज के लोगों के साथ हो रहे अन्याय नहीं रुके तो समाज के लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। हमारी खामोशी को हमारी कमजोरी या बुजदिली न समझा जाए। जिस दिन हमारा समाज हमारे नियंत्रण से बाहर हो गया, हालात गंभीर हो जाएंगे। हम भारत को श्रीलंका और नेपाल नहीं बनने देंगे। लेकिन नेपाल से ज्यादा आक्रोश भारत की जनता में सरकार के प्रति है, जिस दिन लोग सड़कों पर आ गए सरकार संभाल नहीं पाएगी।
चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रही
मौलाना ने कहा राहुल गांधी वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। यह केवल एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि ये पूरे देश का मुद्दा है। चुनाव आयोग सरकार के दबाव में काम कर रही है। आगरा और बरेली में धर्मांतरण पर कहा पुलिस और सरकार एकतरफा कार्रवाई कर रही है। हम सरकार से नौकरी नहीं मांगते न किसी राजनीतिक दल से मदद चाहते हैं। बस इतना चाहते हैं कि हमें अपने धर्म पर अमल करने की आजादी मिले। हमारे बुजुर्गों, कुरान और पैगंबर का अपमान अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एक धर्मगुरू के मिनी पाकिस्तान वाले बयान पर मौलाना तौकीर रजा ने कहा है कि मैं उनके लिए क्या कहूं। उन्हें तो कुछ दिखता ही नहीं है। उन्होंने जो सपने में देखा वही बोल रहे हैं। इस्लाम में महिलाओं को बराबर का दर्जा दिया गया है।





