
मौलाना बरेलवी ने नीतीश कुमार को दी नसीहत, बोले-महिलाओं की तौहीन और हिजाब से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक बुर्का पहनी मुस्लिम महिला के हिजाब-नकाब से कथित छेड़छाड़ के मामले को लेकर मौलाना बरेलवी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने महिलाओं की तौहीन और उनकी धार्मिक पहचान से छेड़छाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की करने की बात कही है।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक बुर्का पहनी मुस्लिम महिला के हिजाब-नकाब से कथित तौर पर छेड़छाड़ किए जाने के मामले पर बरेली से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री को नसीहत दी है कि वे भविष्य में इस तरह के आचरण से बचें। उन्होंने कहा महिलाओं की तौहीन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंगलवार को जारी बयान में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि किसी भी महिला की धार्मिक पहचान के साथ छेड़छाड़ करना न केवल उसका अपमान है, बल्कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों का भी उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हिजाब पहने महिला की आस्था, पहचान और उसका व्यक्तिगत अधिकार है, जिसे छूने या हटाने का अधिकार किसी को नहीं है।
पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए: मौलाना
मौलाना ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति से मर्यादित और संवेदनशील व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। इस तरह की घटनाएं समाज में गलत संदेश देती हैं और आपसी सौहार्द को नुकसान पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद के अनुसार पहनावा और जीवन जीने की स्वतंत्रता देता है।
उन्होंने आगे कहा कि इस घटना से मुस्लिम समाज में नाराजगी है और मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे इस पर आत्ममंथन करें तथा भविष्य में धार्मिक भावनाओं का सम्मान करें। मौलाना ने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी सूरत में महिलाओं के सम्मान और धार्मिक स्वतंत्रता से समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। नीतीश कुमार को पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए।





