Mau News: बलिया के रामानंद ने आजमगढ़ के शहाबुद्दीन को दी पटकनी
Mau News: कुसुम्हा स्थित बजरंग व्यायामशाला में जनपद स्तरीय कुश्ती दंगल आयोजित किया गया। दंगल से पूर्व हिंदू-मुस्लिम एकता का प्रतीक दिखाते हुए दोनों समुदायों के लोगों ने बाबा सैयद की मजार पर चादरपोशी की। मुकाबले में पहलवानों ने अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसमें बलिया के रामानंद ने सबसे रोमांचक जीत हासिल की।

Mau News: दोहरीघाट (मऊ), हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के कुसुम्हा स्थित बजरंग व्यायामशाला में जनपद स्तरीय कुश्ती दंगल का आयोजन हुआ। दंगल से पहले हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए बाबा सैयद की मजार पर दोनों समुदायों के लोगों ने संयुक्त रूप से चादरपोशी की और अमन-चैन की दुआ मांगी। इसके बाद अखाड़े में पहलवानों ने दमखम और दांव-पेच का प्रदर्शन किया। वर्ष 1973 से लगातार आयोजित हो रहे दंगल का दंगल का उद्घाटन सगड़ी विधायक डॉ एचएन सिंह पटेल, पूर्व विधायक उमेशचंद पांडेय और बसपा के प्रभारी प्रत्याशी भारत भैया ने संयुक्त रूप से किया। वहीं विभिन्न जिलों से पहुंचे करीब 30 जोड़ी पहलवानों के बीच मुकाबले हुए।
गाजीपुर और गोरखपुर के पहलवानों के बीच हुआ मुकाबला खासा रोमांचक रहा। डेरवा (गोरखपुर) के जितेंद्र पहलवान और गाजीपुर के अमरनाथ के बीच कुश्ती बराबरी पर छूटी। वहीं सुनील देऊपुर और राहुल बसियाराम, रामनारायण बलिया और रामजन्म बसियाराम, दुर्गेश यादव बलिया और मनोहर यादव मऊ, कुंदन जीयनपुर और विकास दरगाह तथा सुमित दरगाह और सत्यम भैंसवली, गोरखपुर के बीच हुए मुकाबले भी बराबरी पर समाप्त हुए। रामानंद की जीत पर गूंजा अखाड़ा दिन की सबसे चर्चित कुश्ती में बलिया के रामानंद पहलवान ने आजमगढ़ के शहाबुद्दीन को जोरदार पटकनी देकर मुकाबला अपने नाम किया। उनकी जीत पर अखाड़े में मौजूद दर्शकों ने तालियों से उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. कल्पनाथ राय के पौत्र अनंत राय, सपा युवजन सभा के प्रदेश सचिव अजय यादव आसू, नीरज भारती, शैलेश यादव, केदार सिंह यादव, रामचंद्र यादव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

