ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मऊअखंड सुहाग को महिलाएं आज रखेंगी निर्जला व्रत

अखंड सुहाग को महिलाएं आज रखेंगी निर्जला व्रत

पति के लम्बी उम्र व स्वस्थ जीवन की कामना के लिए महिलाएं 1 नवंबर यानि आज करवाचौथ का निर्जला व्रत...

अखंड सुहाग को महिलाएं आज रखेंगी निर्जला व्रत
Newswrapहिन्दुस्तान टीम,मऊWed, 01 Nov 2023 12:15 AM
ऐप पर पढ़ें

मऊ। पति के लम्बी उम्र व स्वस्थ जीवन की कामना के लिए महिलाएं 1 नवंबर यानि आज करवाचौथ का निर्जला व्रत रखेंगी। एक दिन पहले मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण अंचलों के बाजारों में कपड़ा, सौंदर्य प्रसाधन, ब्यूटी पार्लरों में महिलाओं की भारी भीड़ खरीदारी के लिए उमड़ गई। देर शाम तक बाजार में जमकर पूजन एवं शृंगार के सामान की खरीदारी किया। बाजार में खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़ को देखते हुए जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस की तैनाती किया गया था, बावजूद लोगों को बाजार में जाम के झाम का सामना करना पड़ा।
करवाचौथ का व्रत पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित था। धीरे-धीरे अब जिले की महिलाओं द्वारा इसे बड़े पैमाने पर मनाया जाने लगा है। इसका नजारा मंगलवार को बाजार में दिखा। सुबह दस बजे से नगर समेत ग्रामीण अंचलों के बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ गयी। महिलाओं ने साज-शृंगार से लेकर सोने-चांदी के आभूषण की भी खरीददारी किया। शहर क्षेत्र के सहादतपुरा, मुंशीपुरा, आजमगढ़ मोड़, गाजीपुर तिराहा, सदर चौक, मिर्जाहादीपुरा, भीटी, बाल निकेतन मोड़ समेत दोहरीघाट, मधुबन, अमिला, पहसा, रानीपुर, चिरैयाकोट, मुहम्मदाबाद गोहना, घोसी, कोपागंज आदि स्थानों पर महिलाओं की काफी चहल-पहल दिखाई दी। वहीं, करवाचौथ पर्व को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। महिलाओं के साज-सज्जा के लिए जगह-जगह सजी दुकानों पर काफी संख्या में महिलाएं उमड़ी रही। करवाचौथ पूजन के लिए खास माने जाने वाले मिट्टी के रंगीन करवे बाजार में बिक रहे थे। इसके साथ ही मिठाई की दुकानों में भी फैनी, फीकी और मीठी मह्वी आदि सजाई गई थी। पर्व पर पूजन से संबंधित सामग्री की भी खूब बिक्री दिखी।

करवाचौथ व्रत का समय

आचार्य श्याम जी पांडेय की माने तो करवाचौथ बुधवार यानि 01 नवंबर को मनाया जाएगा। कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि 31 अक्तूबर को रात 9.30 बजे से प्रारंभ होगी, जो 1 नवंबर को रात 9.19 बजे तक रहेगी। उन्होंने बताया करवाचौथ व्रत 1 नवंबर को सुबह 6 बजकर 33 मिनट से प्रारंभ होगा और रात 8 बजकर 26 मिनट तक रखा जाएगा। व्रत की कुल अवधि 13 घंटे 53 मिनट की है। चंद्रोदय रात 8.26 बजे होगा। पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 36 मिनट से शाम 6 बजकर 54 मिनट तक रहेगा। पूजन की कुल अवधि 01 घंटा 18 मिनट की है।

व्रत से सुखी होता है दाम्पत्य जीवन

करवा चौथ व्रत करने से पति के लम्बी उम्र के साथ ही दाम्पत्य जीवन की परेशानियां शीघ्र दूर होती है और व्रत करने वाली महिलाओं को सौभाग्य की प्राप्ति होती है। पंडित रमेशचंद्र मिश्र ने कहा करवाचौथ व्रत करने से पति की लम्बी उम्र के साथ ही वैवाहिक जीवन की सारी परेशानियां दूर होने के साथ व्रती महिलाओं को अखंड सौभाग्य की पाप्ति होती है। उन्होंने बताया भगवान शंकर, माता पार्वती व गणेश का विधि-विधान से पूजन करें। 27 नक्षत्रों में रोहिणी सर्वाधिक सौंदर्य वाला नक्षत्र पुराणों में बताया गया है।

चूडियों की दुकान पर जुटी सबसे ज्यादा भीड़

मंगलवार को शहर समेत ग्रामीण बाजारों में चूड़ियों की दुकान पर सबसे ज्यादा भीड़ रही। कास्मेटिक विक्रेता आंनद गुप्ता ने बताया प्लेन चूड़ी से लेकर डिजाइन वाली चूड़ियां बिक रही है। मगर, सबसे ज्यादा जरकन वाली चूड़ी सबसे अधिक पसंद की जा रही है। बाजार में 25 रुपये लेकर 450 रुपये तक की चूड़ी उपलब्ध है। कास्मेटिक की दुकान पर खरीदारी करने आई पूनम ने बताया कि उसने साड़ी के रंग के मैच की चूड़ियां और कांच के कड़े खरीदे है।

चलनी खरीदारी रही तेज

हिंदू महिलाओं के बीच करवाचौथ के त्यौहार का विशेष महत्व रहता है। बुधवार को करवाचौथ का व्रत रखा जाएगा। इसके लिए बाजारों में महिलाओं ने जमकर सामान की खरीदारी किया। बाजारों में जगह-जगह सजी चलनी की दुकानों पर भी महिलाओं की खूब भीड़ दिखाई दी। चलनी खरीदने पहुंची आरती, सुमन, प्रियंका, अनीता, कलावती आदि महिलाओं ने बताया कि करवाचौथ के व्रत को लेकर खासा उत्साह है। हम लोग हर वर्ष नई चलनी से ही करवाचौथ का व्रत पूर्ण करती हैं।

साड़ियों की दुकानों ने दिए त्योहारी आफर

शहर समेत ग्रामीण अंचलों में स्थित साड़ी की बड़ी दुकानों ने महिलाओं को त्योहारी आफर भी दिया है। पांच हजार से ऊपर की खरीदारी पर ग्राहकों को स्पेशल गिफ्ट दिया। दुकानदार राजन, ओमप्रकाश गुप्ता, सन्नी मध्देशिया आदि ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए फैंसी डिजाइनों में साड़ियां जैसे छुईमुई, जिम्मी छू, जमैटो, झिलमिल, शिफान व सिल्क आदि विभिन्न ब्रांड की साड़ियां शोरूम में उपलब्ध है। वहीं लड़कियों के पारंपरिक ड्रेस जैसे नायरा कट सूट, क्रेप टॉप, गाउन, सरार, गरारा व दुल्हन के लिए वेडिंग लहंगे, गर्ल लिस लहंगे आदि हैं। खरीदारी पर गिफ्ट दिया जा रहा है।

दोहरीघाट के बाजारों में उमड़ी भीड़

दोहरीघाट। करवाचौथ की पूर्व संध्यान पर मंगलवार को कस्बे के बाजार में भीड़ उमड़ी। करवाचौथ पर सजने-संवरने के लिए महिलाओं ने मंगलवार को सौंदर्य प्रसाधन, आभूषण, कपड़े की खरीदारी की। इधर, भीड़ होने के दौरान बाजार में जाम की समस्या उत्पन्न हो गई। बाजार में जाम लगने के दौरान कस्बा के बाजार से गुजरने वाले राहगीरों व छोटे दोपहिया वाहन चालकों को कस्बे के गली मोहल्लों से होकर गुजरना पड़ा। हालांकि, त्योहार पर अच्छी बिक्री होने पर दुकानदार काफी खुश नजर आए। दुकानदारों का कहना था कि दो वर्ष बाद एक बार फिर भीड़ उमड़ी है।

सोने- चांदी के साथ मिट्टी के परम्परागत करवा रही धूम

मऊ। मंगलवार को बाजारों में चारों तरह मिट्टी के रंगीन करवे खूब सजे दिखाई दिए। बाजारों में डिजाइनर मिट्टी के रंगीन करवे खूब बीके। वहीं महिलाओं ने पीतल, सोना-चांदी के भी करवे खरीदा। लेकिन परम्परागत मिट्टी के करवे महिलाओं को खूब भा रहे थे। मिट्टी के बने लेकिन गोटे से सजे करवा की मांग अधिक रही। बाजार में 20 से लेकर 100 रुपये कीमत के मिट्टी के करवा उपलब्ध रहे।

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें