मकान और मड़ई में आग लगने पर पांच पर मुकदमा दर्ज
Mau News - घोसी के केरमा महरूपुर में गेहूं की कटाई को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने पीड़ित राम बड़ाई यादव के घर को आग लगाकर जला दिया। इस आगजनी में लगभग पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

घोसी,हिन्दुस्तान संवाद। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा केरमा महरूपुर में एसडीएम के आदेश के बाद गेहूं की कटाई करने से नाराज दबंगों ने आग लगाकर घर एवं मड़ई फूंक दी। जिसमें पीड़ित की सारी गृहस्थी जलकर राख हो गई एवं मड़ई में बंधी भैंस भी झुलस गई। इस घटना में गृहस्वामी का करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर 5 लोगों पर विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। कोतवाली क्षेत्र के केरमा महरूपुर निवासी राम बड़ाई यादव पुत्र विक्कू यादव ने कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया है। जिसमें बताया कि ग्राम सभा स्थित उसकी भूमिधरी में गेहूं बोया गया था।
विगत 17 अप्रैल को जब वह मजदूरों के साथ अपने खेत पर गेहूं काटने के लिए पहुंचा तो उसके पडोसी दुखंती यादव ने गेहूं काटने से रोक दिया। जिसके बाद पीड़ित गेहूं कटवाने के लिये तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र दिया। उपजिलाधिकारी ने राजस्व टीम को मौके पर पहुंचकर गेहूं कटवाने का आदेश दिया था। उपजिलाधिकारी के आदेश पर रविवार को राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर गेहूं कटवा दिया जिससे नाराज होकर गांव निवासी दुखंती यादव, अमरजीत यादव, चन्द्रजीत यादव, लालती यादव एवं महिमा यादव ने मिलकर पीड़ित के घर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जांच पड़ताल की एवं पीडित राम बड़ाई यादव की तहरीर पर पांच के विरुद्ध विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उनकी तलाश शुरु कर दी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


