रणवीरपुर में भू विवाद, पीड़ित ने थाने में दी तहरीर
Mau News - मऊ के रणवीरपुर गांव में भू विवाद के चलते दबंगों ने एक परिवार की दीवार गिरा दी और मारपीट की। पीड़ित पवन जायसवाल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है। प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई है।

मऊ, संवाददाता। सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रणवीरपुर गांव में भू विवाद को लेकर दबंगों द्वारा दीवार गिराने और परिवार से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रणवीरपुर निवासी पवन जायसवाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने अपनी आबादी की भूमि पर एक दीवार का निर्माण कराया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद जब मजदूर अपने घर चले गए, तभी शनिवार की देर शाम उनके कुछ पड़ोसी लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे।
उन्होंने जबरन खड़ी दीवार को गिरा दिया। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पीड़ित के अनुसार, घटना के अगले दिन सुबह वही लोग फिर से पहुंचे और पुरानी एवं नई दोनों दीवारों को तोड़ने लगे। जब पवन जायसवाल और उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो दबंगों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की यह पूरी घटना परिवार के सदस्यों ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


