ऑनलाइन शिकायत निस्तारण में ऊर्जा मंत्री का दिखा सख्त तेवर
Mau News - ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मऊ में ऑनलाइन शिकायत निस्तारण के दौरान अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। बाराबंकी में तीन अधिकारियों को बर्खास्त करने और महाराजगंज में विद्युत कनेक्शन नहीं देने पर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने का आदेश दिया। अन्य जिलों में भी सख्त कार्रवाई की गई।

मऊ, संवाददाता। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा द्वारा सोमवार की देर शाम गृह जनपद मऊ स्थित बहुउद्देशीय भवन मंगलम में संभव ऑन लाइन शिकायत निस्तारण के दौरान काफी सख्त तेवर में दिखे। ऊर्जा मंत्री ने बाराबंकी में तैनात जेई अभिनव श्रीवास्तव, एसडीओ रवि वर्मा, लाइनमैन मनीष वर्मा को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का निर्देश जारी किया। साथ ही साथ महाराजगंज में एस्टीमेट जमा करने के बावजूद विद्युत कनेक्शन नहीं देने पर सम्बंधित अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश जारी किया। इसी प्रकार आजमगढ़, बरेली, आगरा दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया। ऊर्जा मंत्री के सख्त तेवर से बिजली विभाग के अधिकारियों में अफरा-तफरी मची रही।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने संभव ऑनलाइन शिकायत निस्तारण प्रणाली के तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से जुड़े 100 से अधिक उपभोक्ताओं की शिकायतों का निस्तारण किया। वाराणसी में पत्रकार राजेश राय के प्रकरण में विधिक राय लेकर शीघ्र निस्तारण करने का निर्देश दिया। जबकि उन्नाव में स्मार्ट मीटर से संबंधित बिलिंग समस्या पर विशेष ध्यान देते हुए सभी उपभोक्ताओं को सही एवं समय पर बिल उपलब्ध कराने का निर्देश जारी किया। इसी प्रकार झांसी, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर एवं मथुरा की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश जारी किया। मथुरा जैसे धार्मिक एवं आस्था केंद्रों पर बिजली व्यवस्था निर्बाध और व्यवस्थित करने का सख्त निर्देश जारी किया। ऊर्जा मंत्री ने गर्मी के मौसम को देखते हुए रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, शाम के समय अनावश्यक कटौती पूर्णत: बंद करने, स्मार्ट मीटर से सम्बंधित भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जन जागरुकता अभियान चलाने का निर्देश जारी किया। ऑन लाइन जनसुनवाई के दौरान अध्यक्ष आशीष गोयल, एमडी यूपीपीसीएल पंकज कुमार, एमडी ट्रांसमिशन मयूर माहेश्वरी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार, सभी डिस्कॉम के अधिकारी वर्चुअल उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


