
सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करें युवा पीढ़ी : प्रभारी मंत्री
Mau News - सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर मऊ में एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया। इसमें शामिल लोगों ने तिरंगा लहराते हुए राष्ट्रगीत गाए और एकता का संदेश दिया। जनसभा में मंत्री ने युवाओं से सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाने की अपील की।
मऊ, संवाददाता। सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक भारत आत्मनिर्भर भारत के तहत बुधवार को जिला स्तरीय एकता पदयात्रा जनपद के प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव के नेतृत्व में निकाली गई। प्रभारी मंत्री ने इस पदयात्रा का शुभारंभ मिर्जाहादीपुरा से किया। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लिए राष्ट्रगीतों का गान करते हुए चल रहे थे। यह पदयात्रा संस्कृत पाठशाला होते हुए डाक बंगला के तरफ से गाजीपुर तिराहे पर पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गई। यात्रा में शामिल लोगों ने लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश दिया। सभी ने सरदार बल्लभ भाई पटेल के आदर्शों को जीवन में अपने का संकल्प लिया।
गाजीपुर तिराहे पर आयोजित जनसभा में प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर यह यूनिटी मार्च हमें उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने और देश की एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। विशेषकर युवा पीढ़ी को उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करना आवश्यक है। कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने जिस अखंड भारत का स्वप्न देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज के युवाओं पर है। देश की एकता और अखंडता तभी सशक्त होगी जब समाज के हर वर्ग में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत होगी। जिला भाजपा अध्यक्ष रामाश्रय मौर्य एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देश के युवाओं को अपने जीवन में सरदार वल्लभभाई पटेल के दिखाए गए मार्गों पर निरंतर आगे बढ़ने की बात कही। जिला युवा अधिकारी एवं संयोजिका राशि मिश्रा ने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं में राष्ट्रीय चेतना जगाने का एक प्रयास है। डीसीएसकेपीजी कालेज के डा.विशाल कुमार जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रैली में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व विधायक उमेश चंद पाण्डेय के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




