Mau News: चहारदीवारी फांदकर फरार बाल अपचारी को पुलिस ने चौबीस घंटे के अंदर किया बरामद
Mau News: मऊ, संवाददाता। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में चोरी के मामले में निरुद्ध एक बालअपचारी सुरक्षा कर्मियों

Mau News: मऊ, संवाददाता। राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में चोरी के मामले में निरुद्ध एक बालअपचारी सुरक्षा कर्मियों को चकमा देकर शुक्रवार की सुबह दीवार फांदकर फरार हो गया। बालअपचारी के फरार होने के बाद हड़कंप मच गया। घटना में लापरवाही को लेकर अधीक्षक की तहरीर पर चौकीदार समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होने के बाद चौबीस घंटे के अंदर पुलिस टीम ने फरार बालअपचारी को कुर्थीजाफरपुर से बरामद कर लिया। उधर घटना के बाद बाल संप्रेक्षण सम्प्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। बाल सम्प्रेक्षण गृह की पल-पल की गतिविधियों पर पुलिस टीम पैनी नजर रखे हुए है।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत परदहां स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में चोरी के मामले में एक बाल अपचारी किशोर न्याय बोर्ड के आदेश पर निरुद्ध किया गया था। शहर कोतवाली में दर्ज कराए गए एफआईआर में राजकीय संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि सम्प्रेक्षण गृह में निरुद्ध बालअपचारी शुक्रवार की सुबह सुरक्षा कर्मियों को चकमा देते हुए दक्षिणी दिशा की चहारदीवारी फांदकर फरार हो गया था। बालअपचारी के फरार होने के बाद हड़कंप मच गया, घटना के बाबत सूचना मिलते ही शहर कोतवाल प्रमेन्द्र कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच किए। शहर कोतवाल ने बताया कि राजकीय संप्रेक्षण गृह के अधीक्षक संजय मिश्र की तहरीर पर चौकीदार विजय नारायण यादव, होमगार्ड संजय यादव, पीआरडी बलिराम यादव, मनोज समेत पांच लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। वहीं चहारदीवारी फांदकर फरार बालअपचारी की तलाश में शहर कोतवाली पुलिस जांच में जुटी थी। मुखबिर की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस टीम ने कुर्थीजाफरपुर के पास से फरार बालअपचारी को बरामद कर लिया। उधर राजकीय सम्प्रेषण गृह के अधीक्षक संजय मिश्र ने बताया कि बालअपचारी के फरार होने के बाद सम्प्रेषण गृह में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। पल-पल की गतिविधियों पर सीसी कैमरे के माध्यम से पैनी नजर रखी जा रही है।


