भटिया में दो साल बाद भी ओवरहेड टैंक का काम अधूरा

Mar 03, 2026 01:30 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मऊ
share Share
Follow Us on

Mau News - मऊ के भटिया गाँव में जल जीवन मिशन के तहत शुद्ध पेयजल के लिए ओवरहेड टैंक का निर्माण 2023 में शुरू हुआ था, लेकिन दो साल बाद भी केवल बोरिंग और पंप हाउस का कार्य हुआ है। पाइप लाइन का काम अधूरा है, जिससे ग्रामीण गर्मी में पानी की कमी का सामना करेंगे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से ध्यान देने की अपील की है।

भटिया में दो साल बाद भी ओवरहेड टैंक का काम अधूरा

मऊ, संवाददाता। फतेहपुर मंडाव ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंचायत भटिया में जल जीवन मिशन के तहत गांव के 1471 ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने के लिए 2023 में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरु हुआ था। लगभग दो साल बीतने के बाद भी अभी तक केवल बोरिंग के साथ पंप घर और बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य कराया जा सका है। वहीं गांव में लोगों के घरों तक कनेक्शन देने के लिए अभी तक पाईप लाईन नहीं बिछाई जा सकी है। साथ ही ओवरहेड टैंक का निर्माण भी नहीं हो पाया है। ऐसे में ग्रामीणों को शुरु हो रहे गर्मी के मौसम में शुद्ध पेयजल के लिए इस बार भी परेशान होना पड़ेगा।

ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए अधूरे काम को पूरा कराए जाने की मांग किया है। केन्द्र और प्रदेश सरकार ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने के लिए लाखों करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। जल जीवन मिशन के तहत भटिया में भी ग्रामीणों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराए जाने के लिए 2023 में ओवरहेड टैंक का निर्माण कार्य शुरु किया गया। इस कार्य को देख ग्रामीणों में पेयजल को लेकर होने वाली परेशानी से निजात मिलने की उम्मीद जग गई थी। लेकिन कार्य की धीमी गति ने ग्रामीणों के मंसूबे पर पानी फेर दिया है। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी आज तक गांव के अंदर पाईप लाईन का काम नहीं कराया जा सका है और न ही ओवरहेड टैंक का निर्माण। इस बीच केवल बोरिंग, पम्प हाउस और बाउंड्री वाल का निर्माण हुआ है। वहीं गांव के बाहरी हिस्से में पाईप लाईन बिछाई गई है। ग्रामीण विजय शंकर पाण्डेय, पप्पू पाण्डेय, राधेश्याम मौर्य, कमलेश गुप्ता, जनार्दन शर्मा आदि ने बताया गांव में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति के लिए हर घर नल जल योजना के अंतर्गत ओवरहेड टैंक का निर्माण दो साल से अधिक से अधर में लटका हुआ है। वहीं ठेकेदार द्वारा पाईप बिछाने का कार्य भी आधा अधूरा किया गया है। पानी सप्लाई के लिए अभी केवल गांव के बाहर पाईप लाईन का कार्य हुआ है। काम अधूरा होने के चलते अब आने वाले गर्मी में लोगों को शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो सकेगा। भीषण गर्मी के बीच पानी का स्टेटस नीचे होने के कारण कई घरों में लगे नल भी पानी देना बंद कर देते हैं। जिसके कारण पेयजल के लिए ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने इस समस्या के बाबत उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलम्ब अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग किया है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।