कोहरे के बाद निकली धूप, फिर भी गलन बरकरार
Mau News - मऊ में ठंड के कारण मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। रविवार को सुबह कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ। धूप निकलने पर कुछ राहत मिली, लेकिन शाम को सर्दी बढ़ गई। लोग गर्म कपड़ों की मांग कर रहे हैं,...

मऊ। मौसम के मिजाज में नित्य परिवर्तन जारी है। रविवार सुबह में कोहरे की चादर से पूरा जनपद लिपटा रहा, वहीं 10 बजे के बाद धूप खिली तो लोगों को राहत मिली। हालांकि, दिन ढलने के बाद शाम को पछुआ से सर्दी फिर बढ़ गई। सुबह कोहरे के कारण वाहन रेंगते हुए नजर आए। दिन में ही वाहन लाइट जलाकर चलते रहे। ठंड के कारण के चलते रिक्शा, ठेला, खोमचा तथा पटरी दुकानदारों की स्थिति बद से बदतर हो गई है। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में भी वृद्धि हुई। रविवार को अधिकतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 25 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम के मिजाज में आए दिन हो रहे परिवर्तन से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ठंड के कारण शाम होते ही पटरी दुकानदार अपना दुकान समेट कर घर जाने के परेशान दिखाई दिए। नगर क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा, सदर चौक, रौजा बाजार, भीटी अंधा मोड़, बालनिकेतन, आजमगढ़ मोड़ आदि सार्वजनिक स्थानों पर जन-जीवन काफी प्रभावित रहा। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के दोहरीघाट, मधुबन, घोसी, अमिला, कोपागंज, सूरजपुर, इंदारा, पहसा, मुहम्दाबाद गोहना, चिरैयाकोट, नदवासराय, रानीपुर आदि स्थानों और बाजारों में ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। बाजारों में भी सन्नाटा दिखाई दे रहा था। पिछले कई दिन से लोग खराब मौसम का सितम झेल रहे हैं। बीते कई दिनों से तापमान में भी गिरावट हो रही थी। हालांकि रविवार को 10 बजे के बाद गुनगुनी धूप निकली तो कोहरा छट गया। दोपहर में चटख धूप निकलने से लोग घरों की छतों पर बैठकर आंनद लेते दिखे। लेकिन इसबीच चल रही सर्द हवा ने लोगों की कंपकंपी छूटा दी। वहीं कोहरा कुछ फसलों के लिए अच्छा तो कुछ लिए मुसीबत बन गया हैं। कोहरे और पाले से सरसों की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। जबकि, दलहनी और गेहूं की फसल को फायदा है। वहीं दिन ढलने के साथ ही गलन बढ़ गया।
ठंड में बढ़ी कुल्हड़ में कॉफी-चाय की मांग
मऊ। ठंड में कुल्हड़ में काफी-चाय पीने क्रेज के चलते चुस्की महंगी हो गई हैं। कुल्हड़ में चाय 10 से 15 रुपये तो काफी 40 से 50 रुपये में मिल रहा है। लोग शीशे और कागज के बजाए मिट्टी के कुल्हड़ में सोधी महक के साथ चुस्की ले रहे हैं। कुल्हड़ की बढ़ी मांग के चलते कुम्हारों की चांदी है। वहीं कुल्हड़ बनाने की मशीन की भी अच्छी डिमांड हो गई हैं। जिले में दोहरीघाट से लेकर शहर के भीटी, सहादतपुरा, भीटी, बाल निकतेन, गाजीपुर तिराहा, बलिया मोड़, कलेक्ट्रेट आदि स्थानों पर कुल्हड़ में चाय की खूब बिक्री हो रही है।
टोपी, दस्ताना व मोजा की बढ़ी मांग
मऊ। कड़ाके की ठंड में गर्म कपड़ों के दुकान गुलजार हो गए हैं। टोपी, दस्ताना, मोजा की डिमांड सबसे अधिक है। मांग बढ़ने से दाम में भी इजाफा हो गया है। एक सप्ताह पहले जो दस्ताना 90 रुपया में मिल रहा था, अब उसका दाम 130 रुपया हो गया है। दुकानदार सीजन की दुकानदारी का हवाला देकर रियायत देने से इंकार कर रहे हैं। शहर के मुख्य चौराहा पर गर्म कपड़ों की अस्थायी दुकान लगा दी गई है।
भारी पड़ी सर्द हवा, कांप गए लोग
मऊ। ठंड से लोग बेहाल हैं। रविवार को पूरे दिन सर्द हवा चलती रही। दोपहर को निकली धूप भी बेअसर रही। लोग कांपते हुए देखे गए। शाम होते ही सर्दी में और इजाफा हो गया। शाम होने से पहले ही सन्नाटा पसरने लगा। बर्फीली हवा चलने से लोगों की कंपकंपी छूट गई। तिराहों-चौराहों व सार्वजनिक जगहों पर लोग आग से हाथ-पैर सेंकते देखे गए।
विंटर डायरिया के शिकार हो रहे पशु
मऊ। ठंड से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड का असर अब पशुओं पर भी देखा जा रहा है। ठंड से पालतु पशु भी बीमार पड़ रहे हैं। पशुओं को विंटर डायरिया हो रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।