
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए गठित की जांच टीमें
Mau News - मऊ में रविवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा के सभी विभागों की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। जांच टीमों का गठन किया गया है, जो दुर्घटनाओं के कारणों और संबंधित विभागों की भूमिका की जांच करेगी।
मऊ, संवाददाता। जिले में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस प्रशासन बेहद गंभीर है। जिलाधिकारी ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सड़क सुरक्षा से जुड़े समस्त विभागों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जांच टीमों का गठन कर संबंधित विभागों द्वारा निर्धारित कार्यों की जांच करते हुए उनके जवाबदेही तय करने के निर्देश जांच टीम को दिए हैं, जिससे उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। मुहम्मदाबाद गोहाना में उल्टी दिशा से तेज गति से आ रहे डंपर द्वारा बाइक सवार को टक्कर मारने के कारण हुई मौत को जिलाधिकारी ने गंभीरता से लिया है।
इस सड़क दुर्घटना की जांच के लिए उन्होंने अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस से अधीक्षक को संयुक्त रूप से जांच अधिकारी नामित किया है। साथ ही तेज रफ्तार डंपर वाहन की वैधता, खनन विभाग एवं पुलिस थाना की भूमिका सहित अन्य बिंदुओं पर जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने अपर उप जिलाधिकारी एवं सीओ ट्रैफिक को संयुक्त रूप से जनपद में होने वाली हर सड़क दुर्घटनाओं की जांच के निर्देश दिए हैं। इस जांच टीम द्वारा सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जांच होगी। जिससे दुर्घटना के कारणों का उत्तरदायित्व संबंधित विभाग पर निर्धारित करते हुए उन विभागों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। यह जांच टीम सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण, दुर्घटना को दावत देने वाले होर्डिंग्स एवं बैनर हटाए जाने, सड़क पर गिट्टी, बालू की जांच करने, संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों द्वारा निर्धारित स्थलों पर साइनेज बोर्ड लगाने, मार्किंग, रंबल स्ट्रिप, ब्रेकर सहित वन विभाग एवं पीडब्ल्यूडी द्वारा सड़क पर दृश्यता को कम करने वाले पेड़ पौधों एवं झाड़ियों को हटाने सहित अन्य बिंदुओं पर जांच करेंगी। बता दें कि सड़क सुरक्षा के बैठकों के दौरान जिलाधिकारी ने तेज गति से डंपर नहीं चलाने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने तथा वैध परमिट होने पर ही डंपर चलाने की जांच करने के निर्देश परिवहन, खनन विभाग सहित संबंधित थानों को दिए गए थे। जिसका अनुपालन ठीक ढंग से नहीं होने के कारण थाना सरायलखंसी के नरसिंहपुर पालीगढ़ गांव निवासी राहुल कुमार की मृत्यु चिरैयाकोट के पास मनाजीत गांव के बाईपास मार्ग पर हो गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




