खुले नाले के कारण उठ रही दुर्गंध से दुकानदार-राहगीर परेशान

खुले नाले के कारण उठ रही दुर्गंध से दुकानदार-राहगीर परेशान

संक्षेप:

Mau News - मझवारा क्षेत्र के बाजार में लगभग पांच साल पहले जलनिकासी के लिए नाले का निर्माण किया गया था, लेकिन अब तक पटिया नहीं रखी गई है। बारिश में नाले का पानी ओवरफ्लो होने से स्थानीय लोगों को कष्ट हो रहा है।...

Aug 15, 2025 12:25 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मऊ
share

मऊ। घोसी तहसील अंतर्गत मझवारा क्षेत्र के बाजार स्थित अदरी-मधुबन शहीद मार्ग के किनारे जलनिकासी के लिए लगभग पांच साल पूर्व नाले का निर्माण कराया गया था, लेकिन अबतक नाले पर पटिया नहीं रखे जाने से बारिश के मौसम में यह स्थानीय लोगों के लिए कष्टदायक साबित हो रहा है। नाले में गिरे कचरे के सड़ने से उठ रही दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों का जीना मोहाल हो गया है। हल्की सी बारिश के बाद भी नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सडक और आसपास के दुकानों तक फैल जाता है, जिससे स्थिति और नारकीय हो जाती है। स्थानीय लोगों ने नाले की सफाई कराकर इस पर पटिया रखवाने की मांग की है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

मझवारा बाजार में लोगों की मांग पर जलनिकासी के लिए लगभग पांच साल पूर्व ग्राम पंचायत मद से नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन ग्राम पंचायत की उदासीनता के कारण इस नाली का निकास और इस पर पटिया लगाने का कार्य अधूरा छोड़ दिया गया, जिससे बाजारवासियों को भारी दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। हाल ये है कि खुले और पटियाविहीन नाले के साथ ही बारिश के बाद हुए कीचड़युक्त जलजमाव से आए दिन हादसे का भय बना रहता है। अनियंत्रित होकर राहगीर और साइकिल या बाइक सवार इसमें गिरकर चोटिल हो रहे हैं। दूसरी ओर नाली झाड़ झंखाड़ और खरपतवार से पटी होने के कारण बरसात के दिनों में जलनिकासी की समस्या बढ़ जाती है। उक्त नाली में नाबदान का पानी जमा होने के कारण दुर्गन्ध हमेशा उठती रहती है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। दूसरी ओर बारिश के दिनों में पानी भरने के कारण नाली की पूरी गंदगी सड़क पर बिखरकर बदबू फैला देती है, जिससे दुकानदारों और राहगीरों का इधर से गुजरना दूभर हो जाता है। बाजार निवासी डा. संजय कुमार भारद्वाज, सूर्यप्रकाश राय, विवेक यादव, अमृतेश मौर्य, दिनेश यादव सहित आदि लोगों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए नाले की सफाई कराकर इस पर पटिया रखवाने की मांग की। बाजार में सड़क की पटरियों पर इंटरलाकिंग की मांग मऊ। घोसी तहसील अंतर्गत मझवारा क्षेत्र के बाजार में सड़क की पटरियां इस बारिश के मौसम में जानलेवा साबित हो रही हैं। कीचड़युक्त जलजमाव के बीच से होकर निकलने में स्थानीय दुकानदारों के साथ ही बाजार आने वाले लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के बाबत स्थानीय डॉ. शेषनाथ राजभर, बबलू प्रजापति, विजय प्रसाद गुप्ता और अमरेश मौर्या आदि ने सड़क की पटरियों पर इंटरलाकिंग कराए जाने की मांग की है, जिससे बारिश के मौसम में मिट्टी गिली न हो सके और बाजार आने वाले लोगों के साथ ही दुकानदारों को परेशानी का सामना न करना पड़े। हमारी भी सुनें... मझवारा बाजार में पांच साल पूर्व हुए नाले के निर्माण के बाद अबतक इस पर पटिया नहीं रखा जा सका है। खुली नाली होने से इसमें कूड़ा आदि गिरकर जलजमाव की स्थिति पैदा कर देता है। - सूर्यप्रकाश राय खुला नाला होने के कारण जगह-जगह कूड़ा आदि गिरने से जलनिकासी नहीं हो पाती है। अधिक दिनों तक पानी जमा होने से इसमें से दुर्गंध उठने लगती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। - संजय भारद्वाज प्रस्ताव भेजा गया नाली पर पटिया लगाने के लिये कार्ययोजना तैयार कर प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव पास होते ही जल्द ही कार्य पूर्ण करा लिया जाएगा। -सत्येन्द्र कुमार, ग्राम प्रधान, मझवारा-घोसी।