वाटर कूलर खराब होने से आक्रोश, एसडीएम को सौंपा पत्रक
Mau News - नगर पंचायत घोसी में सभी वाटर कूलर खराब पड़े हैं, जिससे नागरिकों को शुद्ध पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। नए वाटर कूलर भी महीनों से बंद हैं। नगरवासियों ने उपजिलाधिकारी से शिकायत की है और जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।

घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। नगर पंचायत घोसी द्वारा राहगीरों एवं नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए लगाए गए सभी वाटर कूलर खराब पड़े हुए हैं। वहीं दूसरी ओर सात-सात लाख की लागत से लगे छह नये वाटर कूलर भी महीनों से नहीं चल पाये और बंद पड़े हैं। जिसको लेकर नगरवासियों में रोष व्याप्त है। मंगलवार को लोगों ने उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह को पत्रक देकर वाटर कूलरों को सही कराने की मांग की। एसडीएम ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। आदर्श नगर पंचायत घोसी की ओर से गर्मी में राहगीरों को शुद्ध और शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पूर्व से कुल विभिन्न स्थानों पर 22 वाटर कूलर लगाए गए हैं।
इनमें से बस स्टेशन, तहसील घोसी, कोतवाली घोसी, रेलवे स्टेशन, सीताकुंड, मझवारा मोड़, नगर पंचायत कार्यालय, ब्लाक के समीप, एलआईसी कार्यालय के समीप, कादीपुर, करिमुद्दीनपुर आदि प्रमुख स्थानों पर लगे सभी वाटर कूलर खराब पड़े हुए है। इस भीषण गर्मी में प्रतिदिन लोगों का बाजार में आना होता है और उपजिलाधिकारी घोसी एवं तहसीलदार घोसी के कार्यालय के बाहर पानी के लिए परेशान होते हैं। यही हाल थाने के परिसर में लगा वाटर कूलर का है जो पिछले कई वर्षों से खराब पड़ा हुआ है। बस स्टेशन, सीओ आफिस के पीछे आदि सहित छह स्थानों पर सात-सात लाख रुपये की लागत से नए वाटर कूलर लगाए गए हैं, जो चंद दिन चलने के बाद ही खराब होकर बंद पड़े हुए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में अतुल शर्मा, उद्देश्य पाण्डेय, ब्रजेश पांडेय, विपुल राय, बेचन निषाद, उमाशंकर उपाध्याय, अरविंद सिंह आदि ने उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह से त्वरित कार्रवाई करते हुए पेयजल उपलब्ध कराने के लिए वाटर कूलर सही कराने की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


