कैबिनेट मंत्री पर अभद्र टिप्प्णी करने वालों पर केस दर्ज करने की मांग
Mau News - दोहरीघाट में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में थाने में तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि एक नई आईडी से बार-बार मंत्री की छवि को धूमिल करने की कोशिश की जा रही है। कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी।

दोहरीघाट(मऊ), हिन्दुस्तान संवाद। सोशल मीडिया पर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा और भाजपा नेताओं के विरुद्ध आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने दोहरीघाट थाना पहुंचकर तहरीर दी। कार्यकर्ताओं ने थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी को प्रार्थना पत्र सौंप सोशल मीडिया अकाउंट संचालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। साथ चेतावनी दी कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो हम लोग प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। दोहरीघाट थाने में अजय राय सोनू, प्रवीण शाही, लालू चौहान, सुनील कुमार आदि कार्यकर्ताओं ने दी तहरीर में बताया कि बीते कई दिनों से सोशल मीडिया पर नई बनी आईडी से कैबिनेट मंत्री के विरुद्ध अनर्गल और अपमानजक टिप्पणियां की जा रही हैं।
यह कृत्य बार-बार किया जा रहा है। इस टिप्पणी से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। मंत्री की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है, वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों की भावनाएं आहत हो रही हैं। इस तरह का दुष्प्रचार क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न कर सकता है। कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी हालत में जनप्रतिनिधि और सम्मानित मंत्री का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे। दोहरीघाट थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कानून सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


