अभ्यर्थियों को बाॅयो मीट्रिक जांच के बाद ही मिला केंद्र के अंदर प्रवेश
Mau News - मऊ में दो दिवसीय पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा 596 कैमरों और 518 पुलिसकर्मियों की निगरानी में शुरू हुई। 24,960 अभ्यर्थियों के लिए 17 कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया। अभ्यर्थियों की बायोमीट्रिक जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने केंद्रों का निरीक्षण किया।
मऊ, संवाददाता। दो दिवसीय पुलिस उपनिरीक्षक (दरोगा) भर्ती परीक्षा शनिवार को 596 कैमरों और 518 पुलिसकर्मियों की कड़ी निगरानी में शुरू हो गई। अभ्यर्थियों का बायोमीट्रिक जांच और मिलान के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कराया गया। चार पाली में आयोजित इस भर्ती परीक्षा में 24 हजार 960 अभ्यर्थियों के लिए जनपद के 17 कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाये गए हैं। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए क्षेत्र को 17 सेक्टर में बांट प्रभारियों की तैनाती की गई है। वहीं परीक्षा शुरू पर भर्ती बोर्ड के मानकों का अनुपालन परखने के लिए जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र और पुलिस अधीक्षक इलामारनजी ने केंद्रों का जायजा लिया।
शनिवार को प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल 6240 अभ्यर्थी पंजीकृत है। सुबाह 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रों पर सुबह सात बजे ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। हालांकि केंद्र के अंदर प्रवेश दो घण्टे पहले आठ बजे शुरू हुआ। गेट पर बायोमीट्रिक जांच और मिलान के बाद कमरों में प्रवेश कराया गया। साथ ही अभ्यर्थियों से जुटा-मोजा, आभूषण आदि को उतरवा दिया गया। सिर्फ चप्पल-सैंडल पहनकर जाने की अनुमति दी गई। वहीं परीक्षा शुरू होने पर केन्द्रों का जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र, पुलिस अधीक्षक इलामारनजी ने भ्रमण करके जायजा लिया। नगर क्षेत्र के तालिमुद्दीन इण्टर कॉलेज समेत अन्य केन्द्रों पर सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग, बायोमेट्रिक, केवाईसी आदि का गहनता से निरीक्षण किया। उच्चाधिकारियों ने शासन द्वारा दिये गये निर्देश के अनुसार प्रत्येक पहलुओं की जांच कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही साथ परीक्षा से सम्बंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी भी लिए। पुलिस अधीक्षक इलामारनजी ने बताया कि परीक्षा की शुचिता और निष्पक्षता के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से तय मानकों का अनुपालन करवाने के लिए हर परीक्षा केंद्र के व्यवस्था की जांच-पड़ताल कराई जा रही है। परीक्षार्थियों के सुगम और सुचारु आवागमन के लिए चौक-चौराहों से लेकर बस एवं रेलवे स्टेशन पर यातायात पुलिस के साथ सिविल पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


