गोवध में गैंगस्टर और गुण्डा एक्ट की करें कार्रवाई: एसपी
Mau News - मऊ में पुलिस अधीक्षक इलामारन जी की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अपराधियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया। गोवध मामलों में गैंगस्टर और गुण्डा एक्ट लागू करने की बात की गई। सभी थाना क्षेत्रों में पैदल गस्त और पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मऊ, संवाददाता। पुलिस लाइन सभागार में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक इलामारन जी की अध्यक्षता में आगामी त्योहारों को लेकर अपराध समीक्षा बैठक हुई। इस दौरान एसपी ने अपराधियों को चिन्हित करके सख्त कार्रवाई करने का निर्देश जारी किया। साथ ही साथ गोवध मामलों में गैंगस्टर और गुण्डा एक्ट की कार्रवाई का निर्देश दिया। वहीं सभी थाना क्षेत्रों में सर्किल अधिकारी और थानाध्यक्षों को पैनी नजर रखने का भी निर्देश दिया। चेताया कि ड्यूटी में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अपराध समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि छोटी-छोटी घटनाओं पर भी विशेष नजर रखी जाए।
गंभीर घटना कारित होने पर तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। जनशिकायतों/आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का निस्तारण अतिशीघ्र गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए। अपराधों को रोकने के लिए पैदल गस्त एवं पिकेट की व्यवस्था सुनिश्चित किया जाए। बीट व्यवस्था प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। वहीं गोवध के मामलों में अभियुक्तों के विरुद्ध गुण्डा और गैंगस्टर की कार्रवाई किया जाए। लूट की घटनाओं को रोकने के लिए पूर्व में संलिप्त रहे अपराधियों का अभियान चलाकर सत्यापन किया जाए और उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई किया जाए। वहीं भूमि से सम्बंधित विवादों में राजस्व विभाग से समन्वय स्थापित कर मौके का भ्रमण कर समाधान कराया जाए। इसी के साथ ही सभी थानों में पीस कमेटी मीटिंग का आयोजन किया जाए। सम्पूर्ण समाधान तहसील/थाना दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का निस्तारण पांच दिन के अंदर हर हाल में कर दिया जाए। महिला सम्बन्धी अपराधों में संलिप्त अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई किया जाए। वहीं आगामी त्योहारों के अवसर पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गस्त और पिकेट की व्यवस्था की जाए। इसी प्रकार सोशल मीडिया पर सतर्क दृष्टि बनाए रखते हुए अफवाहों का खंडन अतिशीघ्र किया जाए। निर्देशित किया कि संगठित अपराध एवं अपराधियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई किया जाए। इस अवसर पर एएसपी अनूप कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी, सभी थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


