होली पर हुड़दंग हुआ तो खैर नहीं, होगी सख्त कार्रवाई
Mau News - घोसी में होली और रमजान के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में एसडीएम राजेश अग्रवाल ने भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया और किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न करने की चेतावनी दी। पुलिस ने माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।

घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली परिसर में शुक्रवार की शाम आगामी त्योहारों होलिका दहन, होली और रमजान को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने के लिए शांति समिति की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम राजेश अग्रवाल और सीओ जितेंद्र सिंह ने की। बैठक के दौरान त्योहारों से संबंधित प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की गई। एसडीएम राजेश अग्रवाल ने लोगों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का आग्रह किया। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए और होली के दौरान हुड़दंग या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा कोई कार्य न करें जिससे आमजन या धार्मिक भावनाएं आहत हों।
सीओ जितेंद्र सिंह ने डीजे संचालकों को नियंत्रित आवाज में डीजे बजाने की चेतावनी दी। कोतवाली प्रभारी प्रमेंद्र सिंह ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र में होलिका दहन के लिए कुल 205 स्थान चिन्हित किए गए हैं। नगर क्षेत्र में होलिका दहन और होली के अवसर पर कुल चार जुलूस निकाले जाएंगे। रमजान के दौरान अलविदा जुमे की नमाज 45 मस्जिदों और 25 ईदगाहों पर अदा की जाएगी। बैठक में बिजली विभाग के एक्सईएन श्री प्रकाश, अधिशासी अभियंता अनिल कुमार, घोसी चेयरमैन मुन्ना गुप्ता, अमिला चेयरमैन प्रतिनिधि डॉ.रामजतन, घोसी संघर्ष समिति के अध्यक्ष अरविंद पांडे, चंद्रशेखर, हरेंद्र यादव, ग्राम प्रधान विनोद राय, सपा नगर अध्यक्ष खुर्शीद खान, कवल गिरी और किशोर गोड सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। माहौल बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्ती से निपटेगी पुलिस मधुबन। थाना परिसर में शुक्रवार को आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि त्योहार भाईचारे का प्रतीक है, इसलिए किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। चेताया कि पर्व की आड़ में हुड़दंग कर शांतिभंग कर माहौल बिगाड़ने वाले को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस अवसर पर क्राइम इंस्पेक्टर हरेंद्र सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार सिंह और उप निरीक्षक ओम प्रकाश, नीरज यादव, समाजसेवी व प्रबंधक प्रमोद कुमार मल्ल, सभासद राजकुमार राजभर, व्यापार मंडल अध्यक्ष बब्लू ठठेरा आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



