Hindi NewsUttar-pradesh NewsMau NewsNational Voter s Day Celebrated with Voter Oath and Awards in Mau
मतदान करने की दिलाई गई शपथ
संक्षेप:
Mau News - मऊ में 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की। नए मतदाताओं को एपिक कार्ड दिए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने मतदान के महत्व पर जोर दिया और सभी से मतदान करने की अपील की।
Jan 25, 2026 11:13 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, मऊ
मऊ, संवाददाता। 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को नगर पालिका परिषद के कम्युनिटी हॉल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी प्रशांत नागर ने दीप प्रज्वलन कर किया। इसके बाद कार्यक्रम में उपस्थित समस्त लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। साथ ही नए मतदाताओं को एपिक कार्ड भी प्रदान किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले एईआरओ, सुपरवाइजर, बीएलओ को भी सम्मानित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने नए मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि आपके अधिकार से ज्यादा महत्वपूर्ण आपकी यह जिम्मेदारी भी है कि सोच समझकर वोट डालें। अपने जनपद में चुनाव के दौरान लगभग 35 प्रतिशत लोग वोट नहीं डालते। सभी मतदाता अवश्य वोट डालें। उन्होंने मत का महत्व समझाते हुए कहा कि आपके मत से ही सरकारों का निर्माण होता है जो आपके लिए नीतियां बनाती हैं। अत: आपका मत बहुत महत्वपूर्ण है। चुनाव का पर्व सभी पर्वों से बड़ा है, क्योंकि यह निर्धारित करता है कि किसकी सरकार बनेगी। अत: सभी लोग सोच समझकर अवश्य ही मतदान करें तथा मतदान प्रतिशत को शत प्रतिशत करने में सहयोग करें। अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में निर्वाचन से जुड़े सभी का एक दायित्व होता है। आपके आस-पास का माहौल आपके द्वारा चुने हुए लोग तय करते हैं। आपके वोट से ही सरकार चुनी जाती है। 18 वर्ष पूर्ण होने पर सभी लोग अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराए एवं चुनाव के दौरान अवश्य ही मतदान करें। उप जिलाधिकारी अवधेश चौहान ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान का अवश्य प्रयोग करें। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने बेहतरीन सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत करने वाले समस्त छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




