Mau News: युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं ब्रिगेडियर उस्मान : धर्मेन्द्र यादव
Mau News: घोसी तहसील में ब्रिगेडियर उस्मान के 78वें शहादत दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में राजनैतिक दलों और संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया। सांसद धर्मेन्द्र यादव ने ब्रिगेडियर उस्मान को युवाओं और सैनिकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में अग्निवीर योजना को समाप्त करने का भी आश्वासन दिया गया।
Mau News: घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। घोसी तहसील अंतर्गत सुल्तानपुर क्षेत्र के बीबीपुर में शुक्रवार को नौशेरा के शेर अमर शहीद ब्रिगेडियर उस्मान के 78 वें शहादत दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहादत दिवस कार्यक्रम में सपा समेत विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सपा सांसद धर्मेन्द्र यादव, गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी और मऊ सदर के विधायक अब्बास अंसारी की तरफ से शहीद ब्रिगेडियर उस्मान के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुआ। इस दौरान ब्रिगेडियर उस्मान के परिजनों ने मुख्य अतिथि आजमगढ़ के सांसद धर्मेन्द्र यादव को ब्रिगेडियर उस्मान का चित्र भेंट किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि सांसद धर्मेन्द्र यादव ने कहा कि ब्रिगेडियर उस्मान देश के युवाओं और सैनिकों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। सांसद ने कहा कि ब्रिगेडियर उस्मान से प्रेरणा लेकर भारत के वीर सैनिक एक क्या दर्जनों युद्ध लड़ सकते हैं और भारत की सीमा का विस्तार कर सकते है। कहा कि भारत के वीर सैनिकों की ही देन है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित है। सांसद ने कहा कि इतिहास गवाह है कि भारत के वीर सैनिकों ने अपनी जान की कुर्बानी हंसते-हंसते दी है। इसका जीता जागता सबूत है कि किसी भी सैनिक के पीठ पर गोली नहीं लगी है, सभी सैनिकों ने युद्ध में अपने सीने पर गोली खाई थीं। सपा सांसद दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना को समाप्त कर दिया जाएगा। साथ ही साथ चार साल के लिये सेना में भर्ती किए गए अग्निवीरों को स्थाई भी कर दिया जाएगा। बलिया के सपा सांसद सनातन पाण्डेय, गाजीपुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी ने ब्रिगेडियर उस्मान को एक सच्चा देशभक्त बताया और उनके पदचिन्हों का अनुसरण करने की प्रतिबद्धता जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने में बलिया के सांसद सनातन पाण्डेय, गाजीपुर के सपा सांसद अफजाल अंसारी, मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी, उमर अंसारी, सलेमपुर से सांसद रमाशंकर विद्यार्थी, लालगंज के सांसद दरोगा प्रसाद सरोज, विधान परिषद सदस्य शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली, पूर्व ब्लाक प्रमुख सुजीत कुमार सिंह, बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल, मोहम्मदाबाद गोहना से विधायक राजेन्द्र कुमार, विधायक आजमगढ़ नफीस अहमद, विधायक मोहम्मदाबाद गाजीपुर सोहैब उर्फ मन्नू अंसारी, सपा जिलाध्यक्ष दूधनाथ यादव ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


