Mau News: नवरात्र के पहले दिन मंदिरों में गूंजे मां शैलपुत्री के जयकारे
Mau News: मऊ जिले में शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भक्तों ने चुनरी, नारियल और प्रसाद चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की, जबकि घरों में कलश स्थापना कर व्रत शुरू किए गए। प्रमुख मंदिरों को सजाया गया और दुर्गा सप्तशती का पाठ हुआ। भीड़ के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

Mau News: मऊ, संवाददाता। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को जिलेभर के देवी मंदिरों में मां शैलपुत्री के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने मां को चुनरी, नारियल और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। वहीं, घरों में विधि-विधान से कलश स्थापना कर श्रद्धालुओं ने नौ दिनों के व्रत का संकल्प लिया। नवरात्र के आगमन पर नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक भक्तिमय माहौल रहा। प्रमुख देवी मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया। माता पोखरा स्थित शीतला माता धाम और कहिनौर स्थित वनदेवी धाम में विशेष सजावट की गई।
इसके अलावा आजमगढ़ मोड़, रोडवेज और फातिमा तिराहा स्थित दुर्गा मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया। ग्रामीण क्षेत्रों में खुरहट के सीरियापुर स्थित देई मां मंदिर, कोपागंज दुर्गा मंदिर, मांदी सिपाह स्थित कोयल मर्याद भवानी माई मंदिर और मधुबन क्षेत्र के निधियांव स्थित अष्टभुजी मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। वहीं प्रमुख मंदिरों में श्री दुर्गा सप्तशती का पाठ शुरू हुआ। मंदिर परिसर मां के जयकारों और ‘या देवी सर्वभूतेषु प्रकृतिरूपेण संस्थिता…’ मंत्र के उच्चारण से गूंजते रहे। नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा। मंदिरों में भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिसकर्मी तैनात रहे, जबकि उच्चाधिकारी सुरक्षा व्यवस्था और गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।


