जिले के 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं सात सीएचसी को मिला कायाकल्प अवार्ड
Mau News - मऊ में नगर पालिका कम्युनिटी हाल में कायाकल्प एवं एनक्यूएएस सम्मान समारोह आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि विवेक कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित किया। 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और 7 सीएचसी को अवार्ड मिले। सम्मान समारोह का उद्देश्य उच्च गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना और बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को मान्यता देना था।

मऊ, संवाददाता। नगर पालिका कम्युनिटी हाल में कायाकल्प एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) सम्मान समारोह आयोजित हुआ। शुक्रवार की शाम कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जिले के 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं सात सीएचसी को कायाकल्प अवार्ड मिलने पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधीक्षक, सीएचओ, एएनएम, बीपीएम, बीसीपीएम, एआरओ, डीईओ एवं एचईओ को प्रशस्ति पत्र एवं प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। विशेष योगदान के लिए जिला क्वालिटी इकाई से कार्यक्रम के नोडल डॉ.आरएन सिंह, सह-नोडल सुनील कुमार सिंह, मंडलीय कंसल्टेंट संजय प्रियदर्शी एवं एसीपीए सौरभ साहनी को मुख्य विकास अधिकारी ने सम्मानित किया।
मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सम्मान समारोह न केवल बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करते हैं, बल्कि हमें अपने दायित्वों का समर्पण भाव से निर्वहन करने की सीख भी देते हैं। उन्होंने कहा कि आमजन को गुणवत्तापरक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हम सभी का कर्तव्य है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.संजय गुप्ता ने बताया कि यह कार्यक्रम अस्पतालों में साफ-सफाई, अपशिष्ट प्रबंधन एवं संक्रमण नियंत्रण प्रोटोकॉल पर विशेष जोर देता है, जिससे मरीजों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त हो सकें। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.बीके यादव ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य इकाइयों में विद्यमान कमियों को दूर कर उच्च गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करना तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाली इकाइयों को मान्यता देना है। कार्यक्रम के सह-नोडल सुनील कुमार ने बताया कि जनपद मऊ में 76 आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं 7 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को कायाकल्प अवार्ड प्राप्त हुआ है, जबकि 27 आयुष्मान आरोग्य मंदिर एनक्यूएएस प्रमाणित हुए हैं। समारोह में विभाग के समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी, ब्लॉक स्तर से अधीक्षक, बीपीएम, बीसीपीएम, एआरओ, एचईओ, सीएचओ, एएनएम, फार्मासिस्ट, ड्रग वेयरहाउस प्रभारी अजय पांडेय, वरिष्ठ सहायक सिद्धार्थ गुप्ता सहित अन्य कर्मचारीगण उपस्थित रहे। ---------------------
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



