Mau News: युवाओं से नशे से दूर रहने, नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील
Mau News: - डीसीएसकेपीजी कालेज में ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन। नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार

Mau News: मऊ, संवाददाता। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्थानीय डीसीएसकेपीजी में शुक्रवार को ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को जीवन में कभी भी नशा न करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि सदस्य, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग विनय कुमार ने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए युवाओं का नशामुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। नशा न केवल व्यक्ति के जीवन को प्रभावित करता है, बल्कि पूरे परिवार एवं समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि रामकेवल यादव (अध्यक्ष, नशामुक्ति केंद्र), डॉ. जहीरुद्दीन आजमी (चिकित्सक) तथा श्रीमती नीलम की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस आयोजन को सफल बनाने में जिला समाज कल्याण अधिकारी रश्मि मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी अश्विनी कुमार तथा समाज कल्याण विभाग के पर्यवेक्षक शैलेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम में सहयोगी संस्था बालवाड़ी एवं निर्बल सेवा नारी कला केंद्र समिति, डंगोली, मऊ तथा जिला नशामुक्ति केंद्र के कर्मचारियों ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल कुमार जायसवाल, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम अधिकारी डॉ.रवीन्द्र कुमार तथा डॉ.अभय राय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

