
डीआईजी के निर्देश के बाद लूटकांड में जांच हुई तेज
Mau News - कोपागंज क्षेत्र में तीन दिन पहले एक आभूषण कारोबारी से लाखों की लूट हुई थी। डीआईजी सुनील सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज से लुटेरों की पहचान की जा रही है और आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। व्यापारी में आक्रोश है।
पूराघाट/घोसी (मऊ)। कोपागंज थाना क्षेत्र के टड़ियांव खाद गोदाम के पास तीन दिन पूर्व आभूषण कारोबारी से लाखों के लूट के मामले में डीआईजी सुनील सिंह के निर्देश के बाद जांच प्रक्रिया तेज हो गई है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से लुटेरों की शिनाख्त में पुलिस टीम जुटी हुई है। हालांकि, मामले में आधा दर्जन संदिग्धों को हिरासत में लेकर गुरुवार को भी पुलिस टीम कड़ी पूछताछ में जुटी रही। संदिग्धों से पूछताछ के दौरान पुलिस टीम को अहम सुराग हाथ लगे हैं। कोपागंज नगर पंचायत के मोहल्ला चंदनपुरा निवासी सर्राफा कारोबारी जितेन्द्र वर्मा का पिढ़वल मोड़ के पास आभूषण की दुकान है।
नित्य की भांति तीन दिन पूर्व मंगलवार की देर शाम को दुकान बंद करके अपने साथी कारोबारी के साथ वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान घोसी और कोपागंज थाना क्षेत्र की सीमा टड़ियांव खाद गोदाम के पास चार की संख्या में असलहे से लैस बाइक सवार बदमाशों ने आभूषण कारोबारी को ओवरटेक करके रोक दिया था। असलहाधारी बदमाशों ने आभूषण कारोबारी की कनपट्टी पर असलहा सटाते हुए लाखों रुपये कीमत के सोने और चांदी के आभूषण लूट ले गए थे। सरेआम लूट की घटना से व्यापारियों में काफी आक्रोश है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी सुनील सिंह घटना स्थल पर पहुंचकर गहनता के साथ छानबीन करते हुए मामले का जल्द से जल्द पर्दाफाश कर निर्देश जारी किए थे। डीआईजी के निर्देश के बाद मामले की जांच प्रक्रिया तेज हो गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




