Mau News: मनरेगा कार्य में अनियमितता की शिकायत पर फतेहपुर में टीम ने की जांच
Mau News: - तीन सदस्यीय टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, विकास कार्यों में मिली खामियां - तीन सदस्यीय टीम ने किया स्थलीय निरीक्षण, विकास कार्यों में मिली खामियां -

Mau News: रानीपुर, हिन्दुस्तान संवाद। विकासखंड रानीपुर अंतर्गत ग्रामसभा फतेहपुर में मनरेगा के तहत कराए गए पोखरी खुदाई कार्य में अनियमितता की शिकायत को संज्ञान में लेकर बुधवार को तीन सदस्यीय जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम को शिकायत से जुड़े कई बिंदुओं की जांच की। प्रथम दृष्टया मौके पर कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देने की बात सामने आई। जांच के बाद ग्रामीण अब प्रशासन की अंतिम जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई की ताक में हैं। शिकायतकर्ता आनंद सिंह ने बताया कि उन्होंने 14 जुलाई 2026 को आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आनलाईन शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मनरेगा के तहत दर्शाया गया पोखरी खुदाई का कार्य धरातल पर नहीं हुआ है, जबकि अभिलेखों में कार्य पूर्ण दर्शाकर भुगतान किए जाने की आशंका है। शिकायत के आधार पर खंड विकास अधिकारी, रानीपुर ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की। टीम में संतोष कुमार मिश्रा (सहायक विकास अधिकारी, कृषि), मनीष कुमार गुप्ता (अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी) तथा मनोज यादव (अवर अभियंता) शामिल रहे। जांच टीम ने पोखरी स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित बिंदुओं का सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान पूछे जाने पर संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण पूरा कर लिया गया है तथा जांच के दौरान कमियां पाई गई हैं। जांच रिपोर्ट सक्षम अधिकारी को सौंपे जाने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस निरीक्षण के बाद ग्रामसभा फतेहपुर में मनरेगा कार्यों की पारदर्शिता और सरकारी धन के उपयोग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब ग्रामीणों की निगाहें प्रशासन की अंतिम जांच रिपोर्ट और संभावित कार्रवाई पर टिकी है।


