लठिया में अधूरे आंगनबाड़ी केंद्र को पूरा कराने की मांग
Mau News - मझवारा क्षेत्र के ग्रामसभा मुंगेसर के लठियां में आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण 20 साल पहले शुरू हुआ था, लेकिन अब तक अधूरा है। दीवारें जर्जर हो चुकी हैं और बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से इस केंद्र के निर्माण को पूरा करने की मांग की है।

घोसी, हिन्दुस्तान संवाद। तहसील अंतर्गत मझवारा क्षेत्र के ग्रामसभा मुंगेसर के लठियां स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में करीब दो दशक पूर्व आंगनबाड़ी केन्द्र का निर्माण शुरु हुआ था। लेकिन आधा अधूरा निर्माण के बाद काम बंद हो गया। आज लगभग 20 साल से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी अब तक इसका कार्य पूरा नहीं हो सका है। विभागीय उदासीनता के चलते खड़ी दिवालों पर आज तक छत नहीं लग पाई है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अधूरे कार्यों को पूरा कराने की मांग किया है। ग्रामसभा मुंगेसर के लठियां मौजे में बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य ये करीब दो दशक पूर्व आंगनबाड़ी केन्द्र के निर्माण की शुरुआत हुई थी।
लेकिन 20 साल से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद भी इस केंद्र की अर्धनिर्मित दीवार पूर्ण होने व छत लगने के अभाव में तरस रही हैं। दूसरी ओर लम्बा समय बीत जाने व बारिश के कारण इस आंगनबाड़ी केन्द्र की दीवार पूर्ण होने से पहले ही जर्जर हो चुकी हैं। इस भवन में लगी लोहे की ग्रील और जंगले भी जंग लग कर नष्ट हो रहे हैं और यह पूरा भवन खंडहर में तब्दील हो गया है। आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले यहां के बच्चों को दूसरा विकल्प तलाशना पड़ता है, तो दूसरी ओर यहां की आंगनबाड़ी कर्मचारी प्राथमिक विद्यालय के भवन में बैठकर अपना काम निपटाती हैं। ग्रामीण अशोक कुमार, पिंशु राय, दीपक और रामऔतार आदि ने अधूरा आंगनबाड़ी केन्द्र का भवन झाड़ झंखाड़ से पट चुका है। इसमें विषैले जीव जंतुओं के छिपे होने की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए इस अधूरे आंगनबाड़ी केन्द्र को पूरा कराने के साथ ही इसका संचालन शुरु कराए जाने की मांग किया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


