ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश मऊघोसी उपचुनावः सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, सपा-बसपा-कांग्रेस ने प्रदेश और देश में फैलाई अराजकता

घोसी उपचुनावः सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, सपा-बसपा-कांग्रेस ने प्रदेश और देश में फैलाई अराजकता

मऊ की घोसी विधानसभा सीट के उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। कोपागंज के बापू इंटर कालेज मैदान में भाजपा की जनसभा में  सीएम योगी ने कहा कि सपा,...

घोसी उपचुनावः सीएम योगी का विपक्ष पर बड़ा हमला, सपा-बसपा-कांग्रेस ने प्रदेश और देश में फैलाई अराजकता
मऊ अमरमणि त्रिपाठीWed, 16 Oct 2019 08:06 PM
ऐप पर पढ़ें

मऊ की घोसी विधानसभा सीट के उपचुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। कोपागंज के बापू इंटर कालेज मैदान में भाजपा की जनसभा में  सीएम योगी ने कहा कि सपा, बसपा, कांग्रेस ने प्रदेश और देश में अराजकता फैलाई है। सुनियोजित तरीके से लूट-खसोट की है। यह परिवारवादी पार्टियां हैं। देश को पीछे ले जाने की जिम्मेदार यही परिवारवादी पार्टियां हैं। ये सिर्फ अपना विकास करती हैं।

सीएम योगी ने कहा कि भाजपा सरकार ने नौकरियों में धांधली करने वालों को जेल भेजा। हमारी पार्टी में बूथ का कार्यकर्ता विधायक सांसद बन सकता है। हमारा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री बनने का भी सपना देख सकता है। घोषी में सब्जी बेचने वाले के बेटे को टिकट देकर भाजपा ने फिर कार्यकर्ता का सम्मान बढ़ाया है। 

जनसभा में सीएम योगी आदित्यनाथ निर्धारित समय से 1.30 घंटा देरी से पहुंचे। सीएम के पहुंचते ही भारतमाता की जय और जयश्री राम के जयघोष से मंच और मैदान गूंज उठा। सीएम ने हेलीपैड और मंच पर अभिभावदन के बाद सीधे माइक संभाला और भाजपा की प्राथमिकताएं जनता के सामने रखीं। 

भाजपा की जीत की अपील के साथ विपक्षी दलों पर हमलावर दिखे। कहा कि हमारी सरकार ने अनुच्छेद 370 और 35ए हटाने का कार्य किया है। अब आप लखनऊ की तरह कश्मीर में जमीन खरीद सकते हैं। हमारी सरकार ने बाबा साहब आंबेडकर के सपने को साकार किया है। कांग्रेस और अन्य पार्टियों ने 370 का विरोध किया था, उनकी जमानत जब्त होनी चाहिए। विजय राजभर को टिकट मिलने को आम कार्यकर्ता के पाटी में वजूद और उसके प्रयास की बात कही। भाजपा ने घोसी को एक प्रदेश का राज्यपाल दिया है। अब अगला विधायक जिताकर जनता अपना भरोसा जताए। भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए जनता को सही फैसला लेने की अपील की। 

महापुरुषों से दूर विपक्ष, भाजपा ने सुहेलदेव को सहेजा 
सीएम योगी आदित्यनाथ के भाषण का केंद्र महाराजा सुहेलदेव रहे। महापुरुषों के नाम पर कांग्रेस और विपक्षीदलों को जमकर घेरा। सीएम ने कहा कि मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 हटाकर सरदार पटेल, भीमराव आंबेडकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना साकार किया है। इसका विरोध कर विपक्ष ने पटेल, आंबेडकर और मुखर्जी का अपमान किया। हमने सुहेलदेव का सम्मान दिया, सहेजा और उनके नाम पर संस्थाओं का नाम कर मान बढ़ाया। कांग्रेस सुरक्षा नहीं दे सकती, महापुरुषों का सम्मान नहीं कर सकती, ऐसे विपक्षी दलों को वोट मांगने का अधिकार भी नहीं। 

बापू कालेज के मैदान से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा सरकार में महाराज सुहेलदेव के प्रयासों को दोहराया। कहा कि सुहेलदेव के नाम पर वोट मांगने वालों ने सिर्फ  नाम का सहारा लिया लेकिन कभी कुछ किया नहीं। भाजपा की केंद्र से लेकर प्रदेश तक की सरकारों ने सुहेलदेव को हर मंच पर सम्मान दिया है। प्रदेश सरकार उनका इतिहास सहेज रही है और बड़े सस्थानों का नाम सुहेलदेव के नाम पर रखा जा रहा है। बहराइच में मेडिकल कालेज का नाम महाराजा सुहेलदेव के नाम पर  रखा और अब मेडिकल के प्रवेश भी शुरू हो गए। राजभर समाज को प्रदेश से लेकर केंद्र और विधानसभा से संसद तक प्रतिनिधित्व दिया गया। भाजपा ने फिर आम कार्यकर्ता और सब्जी बेचने वाले के बेटे विजय राजभर को टिकट दिया और इसे जिताकर लखनऊ भेजने की जिम्मेदारी घोसी की जनता की है। 

उपचुनाव से सरकार नहीं बनती, भरोसा पता चलेगा
मऊ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उपचुनाव कोई सरकार तय नहीं करेगा। चंद सीटों पर चुनाव से किसी की सरकार भी नहीं बनेगी और कोई सत्ता या पदों में परिवर्तन नहीं आएगा। उपचुनाव में पार्टी कार्यकर्ता की जीत जनता का भरोसा तय करती है।  उपचुनाव सरकार की बेहतरी और जनता के विश्वास को मजबूत करते हैं। घोसी से विजय राजभर की जीत मऊ जिले से भाजपा की करीबियां बढ़ाएगी और विकास के नए रास्ते खोलेगी। 

नेताओं के परिजन नहीं सामान्य कार्यकर्ता प्राथमिकता: प्रदेशाध्यक्ष 
सीएम और उनसे पहले मंच पर संबोधन करने वालों ने भाजपा में कार्यकर्ता की प्राथमिकता की प्रतिबद्धता बताई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र  देव सिंह ने कहा कि भाजपा भारत के सामान्य नागरिक की पार्टी है। किसी नेता के भाई, बेटा, पत्नी को नहीं विजय राजभर जैसे सामान्य कार्यकर्ताओं को टिकट दिया। विजय की जीत हजारों कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाएगी और भाजपा का संबल। 
स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें समान्य कार्यकर्ता भी सांसद, विधायक और प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बन सकता है। गरीब के हक में योजनाएं बनाते ही नहीं बल्कि लागू भी करते हैं हम। इस उपचुनाव में आप सभी सुरक्षा, विकास और आगे बढ़ाने को वोट दें। भ्रष्टाचार, आतंकवाद और अराजकता से मुक्ति भाजपा दिलाएगी। कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में हमारी सरकार आई है तब से सभी गुंडे, माफियाओं को जेल भेज दिया। नागरिकों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी। हमारी सरकार ने 2 लाख युवाओं को रोजगार देने का कार्य किया है। नौकरियों में धांधली करने वालों को जेल भेजा गया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें